
हिमाचल के कई जिलों में बरसे बादल, तीन दिनों तक अंधड़ चलने का येलो अलर्ट
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में मौसम ने करवट बदली है। बुधवार दोपहर जिला कुल्लू में झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है। वहीं, जिला शिमला के कई भागों में भी बारिश हुई है। चौपाल के थरोच क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई। राजधानी शिमला में बुधवार शाम करीब 5:20 के बाद मौसम बदला व बारिश शुरू हुई। जिला मुख्यालय चंबा में दोपहर 2:00 बजे हल्की बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
वहीं, जिला कांगड़ा के कई भागों में अंधड़ के बाद बारिश और हल्की ओलावृष्टि हुई। सोलन जिले में भी शाम को बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज राज्य के कई भागों में बारिश का पूर्वानुमान है। आज से तीन दिनों तक कुछ भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। 8 जून तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 9 जून से पूरे प्रदेश में मौसम साफ बने रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: डी ए वी पब्लिक स्कूल दरकोटी में हवन यज्ञ, पौधा रोपण कर हर्षोल्लास के साथ विश्व पर्यावरण दिवस मनाया
जिला ऊना में तीखी धूप है। इसके चलते शहर में लोगों का आना-जाना दोपहर के समय बहुत कम है। पंखे भी गर्म हवा दे रहे हैं। जिले में प्रचंड गर्मी का कहर लगातार जारी है। बता दें, ऊना, मंडी और भुंतर में मंगलवार को लू चली। प्रदेश में तीन जगह ऊना, नेरी और धौलाकुआं में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ।