
हिमाचल में छाया कोहरा, बढ़ी ठंडक, इस दिन हो सकती है बर्फबारी
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश के मौसम में ठंडक बढ़ते ही जिला बिलासपुर, सुंदरनगर, मंडी और शिमला में कोहरा पड़ना शुरू हो गया है। बीते दिनों हिमाचल में रिकॉर्डतोड़ पारे के बाद अब धूप में गर्माहट कम होना शुरू हो गई है। वीरवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक तापमान में कमी दर्ज हुई। सिर्फ ऊना का पारा अभी 30 डिग्री से अधिक है। शेष जिलों में पारा कम हो गया है। ताबो के बाद अब कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान भी माइनस में पहुंच गया है। कल्पा व केलांग के पारे में भी कमी आई है।
बुधवार रात को ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 1.7 और कुकुमसेरी में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 11 नवंबर को प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। वीरवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिली। सुबह और शाम को प्रदेश में अब मौसम बदलना शुरू हो गया है। वीरवार सुबह बिलासपुर में घना कोहरा पड़ा।
ये भी पढ़ें : सठवीं की महिलाओं के लिए आयोजित हुआ मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण शिविर
सुंदरनगर में मध्यम और मंडी व शिमला में हल्का कोहरा छाया रहा। शाम ढलते ही प्रदेश के मौसम में ठंडक बढ़ गई है। प्रदेश में शुक्रवार को मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है।