
हिमाचल प्रदेश में बढ़ी ठंड, इन जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल में मौसम में आए बदलाव से ठंड बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की कमी दर्ज हुई है। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक भी नहीं पहुंचा। वहीं, सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान जिला सिरमौर के धौलाकुआं में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मंडी और बिलासपुर जिले के कई क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को घना कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। अगले एक सप्ताह तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री की कमी आने के आसार जताए गए हैं। 10 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
ये भी पढ़ें : मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध खनन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएः मुख्यमंत्री
11 नवंबर को मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में बारिश व बर्फबारी की संभावना है। वीरवार रात को ताबो में न्यूनतम पारा माइनस तीन डिग्री दर्ज हुआ। कल्पा और केलांग में भी रात के तापमान में कमी आई है। शुक्रवार सुबह और शाम सुंदरनगर, मंडी, बिलासपुर और शिमला में भी कोहरा छाया रहा। इससे मौसम में ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिन के समय धूप खिली। शाम को मौसम में बदलाव आने से कई क्षेत्र ठंड की चपेट में आए।
आपको बता दें कि पिछले एक महीने से प्रदेश में बारिश नहीं हुई है, इससे अभी तक कड़ाके की ठंड देखने को नहीं मिल रही हैं। कई जिलों में बारिश की बूंद तक आसमान से नहीं टपकी है। बारिश न होने से किसान गेहूं की बुआई नहीं कर पा रहे हैं। 1 अक्टूबर से 8 नवंबर तक मंडी में 2.8 मिलीमीटर, ऊना में अधिक 8.6 मिलीमीटर रेनफॉल हुआ है। वहीं, कांगड़ा में 1.5, किन्नौर 0.4, लाहौल में 0.1, शिमला में 0.2 एमएम बारिश हुई है। उधर, जिला बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कुल्लू, सिरमौर, सोलन में कोई बारिश दर्ज नहीं हुई है।