
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हिमाचल प्रांत का प्राथमिक शिक्षा वर्ग आयोजन
संजय ठाकुर | हमीरपुर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) हिमाचल प्रांत द्वारा महाविद्यालयीन छात्रों के लिए प्राथमिक शिक्षा वर्ग का आयोजन 29 दिसंबर 2024 से 5 जनवरी 2025 तक किया जाएगा। यह प्रशिक्षण वर्ग ठाकुर राम सिंह स्मृति न्यास, टिप्पर, हमीरपुर में आयोजित होगा। इसमें 12वीं कक्षा के बाद पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों जैसे आईटीआई, प्रोफेशनल कोर्स, गवर्नमेंट कॉलेज और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को आमंत्रित किया गया है।
आरएसएस का यह वर्ग छात्रों को संघ के मूल सिद्धांतों, संगठन व शाखा प्रणाली की समझ विकसित करने और शारीरिक-मानसिक दक्षता प्रदान करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। संघ पिछले 99 वर्षों से व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के कार्य में जुटा हुआ है।
कार्यक्रम की विशेषताएं
अवधि: 29 दिसंबर 2024 (दोपहर भोजन) से 5 जनवरी 2025 (दोपहर भोजन तक)
स्थान: ठाकुर राम सिंह स्मृति न्यास, टिप्पर, हमीरपुर
शुल्क: ₹500
योग्यता: 12वीं कक्षा के बाद अध्ययनरत विद्यार्थी
छात्रों के लिए आवश्यक सामग्री
प्रशिक्षण में शामिल होने वाले छात्रों को संघ गणवेश (सफेद कमीज, खाकी पैंट, काली टोपी, काले जूते, खाकी बेल्ट) सहित निम्नलिखित सामग्री लाने का निर्देश दिया गया है:
शारीरिक अभ्यास के लिए निकर, पजामा, ट्राउजर
मौसम अनुसार बिस्तर, रजाई, शॉल
डायरी, लेखनी, थाली-कटोरी-गिलास
अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं
छात्रों को मोबाइल, लैपटॉप, मनोरंजन सामग्री या अन्य कीमती सामान न लाने की सलाह दी गई है।