
नहीं रहे पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, आज के सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द, राजकीय शोक का ऐलान
पोल खोल न्यूज़ डेस्क | हमीरपुर
पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार की रात दिल्ली के AIIMS अस्पताल में निधन हो गया। मनमोहन सिंह के निधन के बाद केंद्र सरकार ने शुक्रवार के सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। सरकार ने 7 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और राज्य सरकार की ओर से किसी मनोरंजक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक होगी। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स में बृहस्पतिवार की रात निधन हो गया। उन्हें उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8:06 बजे भर्ती कराया गया था। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। केंद्र सरकार ने कल ही सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया था।
ये भी पढ़ें: झनिक्कर-केहरवीं सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
मनमोहन सिंह का पूरा राजनीतिक सफर
1954: पंजाब विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की।
1957: कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से इकॉनमिक्स ट्रिपोस (तीन वर्षीय डिग्री प्रोग्राम)।
1962: ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में डी.फिल।
1971: वाणिज्य मंत्रालय में आर्थिक सलाहकार के रूप में भारत सरकार में शामिल हुए।
1972: वित्त मंत्रालय में मुख्य आर्थिक सलाहकार नियुक्त हुए।
1980-82: योजना आयोग के सदस्य।
1982-1985: भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर।
1985-87: योजना आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया।
1987-90: जिनेवा में दक्षिण आयोग के महासचिव।
1990: आर्थिक मामलों पर प्रधानमंत्री के सलाहकार नियुक्त हुए।
1991: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष नियुक्त हुए।
1991: असम से राज्यसभा के लिए चुने गए और 1995, 2001, 2007 और 2013 में फिर से चुने गए।
1991-96: पी वी नरसिम्हा राव सरकार में वित्त मंत्री।
1998-2004: राज्यसभा में विपक्ष के नेता।
2004-2014: भारत के प्रधानमंत्री।
कांग्रेस ने भी रद्द किए कार्यक्रम
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस ने भी अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में स्थापना दिवस समारोह सहित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सभी आधिकारिक कार्यक्रम अगले सात दिनों के लिए रद्द कर दिए गए हैं। इसमें सभी आंदोलनकारी और आउटरीच कार्यक्रम शामिल हैं। पार्टी के कार्यक्रम 3 जनवरी, 2025 को फिर से शुरू होंगे। शोक की इस अवधि के दौरान पार्टी का झंडा आधा झुका रहेगा।