
दीक्षा ठाकुर। पोल खोल न्यूज डेस्क
गिरी गंगा / शिमला
गिरी गंगा हिमाचल प्रदेश के माउंट खरापत्थर के पास एक बहुत ही सुंदर और रोमांचक जगह है। गिरि गंगा पवित्र स्थान और कुप्पार बुग्याल पर्वत श्रृंखलाओं में से एक हैं। शिमला के अन्य पर्यटन स्थलों के विपरीत गिरि गंगा में पर्यटकों की काफी कम भीड़ दिखाई देती है। यहां का वातावरण शांत और प्रकृति से भरा हुआ है। गिरि गंगा में एक प्राचीन मंदिर और धर्मस्थल (पवित्र स्थान के पास निवास स्थान के लिए उपयोग किया जाने वाला क्षेत्र) हैं। इसके अलावा आसपास कोई ठोस इमारत नहीं है। यह मंदिर एक घने सुंदर जंगल के बीच में स्थित है। धर्मशाला के पास सड़क समाप्त होती है। यहां एक छोटा सा मैदान है, जिसका उपयोग मंदिर में आने वाले लोगों द्वारा पार्किंग स्थल के रूप में किया जाता है।

मंदिर का इतिहास
यह प्राकृतिक स्थल गिरि गंगा का उद्गम स्थल है। इस जगह को लेकर एक पौराणिक कथा प्रचलित है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यहां एक मुनि तपस्या करने आए थे। उनके पास कमंडल में गंगाजल था। अचानक वहां कमंडल गिर गया। तभी मुनि के मुख से निकला कि हे गंगे अगर तुमने मेरे पात्र से इस टिब्बे पर गिरना कबूल किया, तू गिरी है तो गिरीगंगा नाम से हमेशा बहती रहो। कालांतर में इस जगह पर जुब्बल के राजा कर्म चन्द्र ने गिरीगंगा का एक तालाब बनाया और यहां एक भव्य मंदिर का निर्माण करवाया। इसके बाद गिरि गंगा को एक बहुत ही पवित्र स्थान और ऊर्जा से भरा माना जाने लगा।

ये भी पढ़ें: पहले दिन अमृतसर से शिमला आए 18 यात्री, हवाई सेवाएं शुरू होने से सात घंटे का सफर एक घंटे में तय कर रहे लोग
भारत के पुरातात्विक सर्वेक्षण के अनुसार गिरी गंगा मंदिर 13वीं शताब्दी के दौरान बनाया गया था। यह बहुत दिलचस्प है, क्योंकि यह माना जाता है कि उस समय के आसपास कोई सभ्यता नहीं थी। गिरि गंगा मंदिर की सुंदर वास्तुकला आपको आश्चर्यचकित कर देगी। गिरि गंगा को लेकर मान्यता है कि इस स्थान पर वनवास काल के दौरान पांडवों में कुछ समय बिताया था। वहीं एक अन्य पौराणिक कथा के अनुसार भगवान परशुराम अपनी मां रेणुका के साथ यहां झील के किनारे रहते थे। गिरि गंगा मंदिर क्षेत्र की आस्था का केंद्र है।

कैसे पहुंचें गिरी गंगा मंदिर
खड़ापत्थर से निजी वाहन या पैदल यात्रा के माध्यम से गिरी गंगा तक पहुंचा जा सकता है। खड़ापत्थर पहुंचने के लिए शिमला से बस और टैक्सियों की सुविधा उपलब्ध है। गिरी गंगा मंदिर से नजदीकी हवाई अड्डा और रेलवे स्टेशन लगभग 80 किलोमीटर दूर शिमला में है। शिमला का हवाई अड्डा दिल्ली और चंडीगढ़ से सीधा जुड़ा हुआ है। शिमला रेलवे स्टेशन छोटी लाइन का स्टेशन है। गिरि गंगा से नजदीकी ब्रॉडगेज रेलवे स्टेशन लगभग 166 किलोमीटर दूर कालका में है।
