
सुजानपुर युवा कांग्रेस अध्यक्ष सचिन ठाकुर का बयान…. कहा – सुजानपुर की जनता अब झूठे चोंचलों में नहीं फंसने वाली
पोल खोल न्यूज़ | सुजानपुर
सुजानपुर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन ठाकुर ने पूर्व विधायक राजिंदर राणा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हाल ही में आयोजित कार्यक्रम में धर्मशाला, मंडी, अम्ब, गगरेट, और कांगड़ा से लोग बुलाने पड़े, लेकिन लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद भी केवल लगभग 1,000 लोग ही जुटे। इनमें से भी सुजानपुर के 200 लोग भी शामिल नहीं थे।
सचिन ठाकुर ने कहा कि सुजानपुर की जनता अब राजिंदर राणा के “जूठे चोंचलों” में नहीं फंसने वाली। उन्होंने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति कुछ समय पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, अनुराग ठाकुर, प्रेम कुमार धूमल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करता था, वह अब अपने स्वार्थ के लिए उनकी तारीफें कर रहा है।
ये भी पढ़ें :Himachal : दस दिन में तय हो जाएगा हिमाचल भाजपा का नया अध्यक्ष
उन्होंने कहा, “राजिंदर राणा कभी सुजानपुर और हमीरपुर का सगा नहीं हो सकता। उन्हें क्षेत्र के विकास की चिंता नहीं है। उनकी राजनीति का आधार केवल स्वार्थ है। पहले बीजेपी और धूमल साहब को धोखा देकर कांग्रेस में आए, और अब कांग्रेस को धोखा देकर दोबारा बीजेपी का इस्तेमाल करना चाहते हैं। ऐसे महत्वाकांक्षी नेताओं से भारतीय जनता पार्टी को भी सतर्क रहना चाहिए।”
सचिन ठाकुर ने विश्वास जताया कि सुजानपुर के लोग कैप्टन साहब और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में राजिंदर राणा की जो स्थिति हुई थी, अगले चुनावों में उससे भी बदतर हालात होंगे।