
जुब्बल में लगी भीषण आग, 200 सेब के पौधे राख, जिंदा जली गाय
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के जुब्बल में भीषण आग लगने से करीब 200 सेब के पौधे नष्ट हो गए। वहीं, इस आग की चपेट में आने से एक गाय की जिंदा जलने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार आज शिमला जिले के जुब्बल तहसील से आग लगने की घटना सामने आई है। जुब्बल के समोट गांव में सुरेंद्र दान सिंगटा के सेब के बगीचे में सुबह करीब 10:30 बजे अचानक आग लग गई। इस भीषण आग ने देखते ही देखते विशाल रूप ले लिया। इस आग की चपेट में आने से करीब 200 सेब के पेड़ और कुछ नाशपाती के पेड़ जलकर राख हो गए। वहीं, बगीचे के साथ ही एक गौशाला भी बनी हुई थी, जो आग की चपेट में आ गई। जिसकी वजह से एक गाय की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।
ये भी पढ़ें :नेरचौक-मनाली फोरलेन पर अब सफर हुआ महंगा, टकोली टोल प्लाजा पर देना होगा शुल्क
ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड के जवान, पुलिस और स्थानीय लोगों आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस घटना में नुकसान का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं, एसपी शिमला संजीव गांधी ने कहा कि शिमला जिले के जुब्बल तहसील में समोट गांव में एक सेब के बगीचे में अचानक आग लग गई। इस घटना में 200 सेब के पौधे जल गए। वहीं, आग की चपेट में गौशाला आने से एक गाय जिंदा जल गई। मामले में जांच की जा रही है। फिलहाल आग के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है।