
Crime : पांच वर्षीय बेटे के सामने पत्नी को उतारा मौत के घाट
पोल खोल न्यूज़ | ऊना
जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के रायपुर मैदान के कोलका गांव में पांच साल के बेटे के सामने महिला की हत्या का मामला सामने आया है। वहीं, पुलिस ने हत्या के आरोप में चार दिन बाद दिल्ली से मृतक महिला के पति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय महिला की चार दिन पहले किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर हत्या कर दी थी। महिला का पांच साल का बेटा भी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। उधर, मृतक महिला के मायके पक्ष ने उसकी माैत के लिए उसके पति को जिम्मेदार ठहराया गया था और पुलिस में मामला दर्ज करवाया।
इसके बाद पुलिस ने महिला के फोन की लोकेशन पर उसके पति को दिल्ली से पकड़ा है और मंगलवार देर शाम को ऊना लाया गया। आरोपी पति के पास मृतक महिला का फोन तथा कुछ गहने भी बरामद हुए, जोकि मायके पक्ष ने अपनी बेटी को दिए थे। वहीं, पुलिस के अनुसार फोन की लोकेशन से पता चला कि महिला की हत्या के दिन उसका पति घर आया था। इससे पहले वह सात-आठ सालों से घर नहीं आया था। इसी आधार पर पुलिस ने पति को दिल्ली से पकड़ा। उधर, मृतक महिला का पांच साल का बेटा अपनी मासूमियत भरी आंखों से अभी भी मां के आने की आस लगाए बैठा हुआ है। लेकिन उस मासूम को कौन समझाए कि उसकी मां इस दुनिया को छोड़कर चली गई है।
ये भी पढ़ें :Himachal : संगड़ाह उपमंडल में दो युवकों की ढांक में गिरने से माैत
उधर, डीएसपी ऊना अजय ठाकुर ने बताया कि मृतक महिला के पति को पुलिस टीम ने दिल्ली में पकड़ा और ऊना लाया गया। उसके कब्जे से मृतक महिला का फोन तथा कुछ गहने भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन महिला के फोन की लोकेशन अंब रेलवे स्टेशन पर मिली थी। उसकी लोकेशन के आधार पर मृतक महिला के पति को दिल्ली में पकड़ा गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद आगामी पूछताछ की जाएगी।