
हिमाचल में मौसम का अलर्ट: 3 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, कई सड़कें और हाईवे बंद
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 3 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। चंबा, कांगड़ा, लाहौल और स्पीति जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले 26, 27 और 28 फरवरी को हुई भारी बारिश और बर्फबारी के चलते पहले से ही कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित है।
सड़कों और बिजली आपूर्ति पर असर
प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि खराब मौसम के चलते राहत और बहाली कार्य तेज गति से जारी है। फिलहाल 365 सड़कें और तीन राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हैं। इसके अलावा, 1,377 बिजली ट्रांसफार्मर और 269 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। कुछ जगहों पर हिमस्खलन भी हुआ, हालांकि जनहानि या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 और 4 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 3 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जो आने वाले दिनों में धीरे-धीरे कम हो जाएगा।
ये भी पढ़ें:नहीं रहे श्रीश्री 1008 सुग्रीवानंद जी महाराज, पीजीआई में इलाज के दौरान तोड़ा दम, प्रदेश में शोक की लहर
हिमाचल प्रदेश का मौसम अपडेट
हिमाचल प्रदेश के क्षेत्रीय मौसम विभाग ने 3 मार्च को राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश, बर्फबारी, गरज और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिला चंबा, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति में 3 मार्च को भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है, जबकि 4 मार्च को कई स्थानों पर मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 5 से 8 मार्च तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
सतर्कता और प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में हिमस्खलन और भूस्खलन की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।