
Himachal : मनाली में जिपलाइन राइड करते समय लड़की हुई हादसे का शिकार
पोल खोल न्यूज़ | कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के मनाली से एक दिल दहलाने वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक लड़की जिपलाइन राइड करते हुए एक सिरे से दूसरे सिरे की ओर जाती दिख रही है। तभी अचानक बीच में जिपलाइन से लगा सेफ्टी बेल्ट टूट जाता है और लड़की 30 फीट नीचे जमीन पर गिर जाती है। हादसे में लड़की को चोटें आई है। हालांकि, मामला आठ जून का है, लेकिन एक सप्ताह के बाद सोशल मीडिया में इसका वीडियो वायरल हुआ है। हैरत यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों ने मामला दर्ज करवाने से इंकार किया। पर्यटन विभाग ने भी वीडियो वायरल होने के बाद कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
आठ जून को महाराष्ट्र के नागपुर से घूमने आई 10 वर्षीय तृषा पुत्री प्रफुल्ल नेहरु कुंड में जिप लाइन कर रही थी। बीच में पहुंचते ही रस्सी टूटने के कारण वह लगभग 30 फीट नीचे खाई में गिर गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे मनाली अस्पताल लाया गया था। वहां से उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया। परिजन उसे नागपुर लेकर गए। उसका इलाज नागपुर अस्पताल में चल रहा है। एक सप्ताह बाद इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। इस मामले में किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: शिमला के रिज पर 15 जुलाई को होगा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण
वहीं, डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि परिजनों ने मामला दर्ज करवाने से इंकार किया था। लिहाजा, मामला दर्ज नहीं किया गया। उधर, जिला पर्यटन अधिकारी का कार्यभार संभाल रहे चिरंजी लाल ने बताया कि वीडियो के आधार पर जिप लाइन संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।