
हिमाचल प्रदेश पर चार अगस्त को कांग्रेस की दिल्ली में बड़ी बैठक
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन के गठन की कवायद तेज हो गई है। चार अगस्त को हिमाचल पर कांग्रेस की दिल्ली में बड़ी बैठक होगी। वहीं, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत सभी मंत्रियों और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को बैठक के लिए नई दिल्ली में बुलाया गया है।
बता दें कि नवंबर 2024 से हिमाचल में कांग्रेस की राज्य, जिला और ब्लॉक कमेटियां भंग हैं। बीते कुछ महीने से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सभी राज्यों में संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने के लिए स्थानीय नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। इसी कड़ी में 4 अगस्त को हिमाचल के जुड़े मामलों के लिए बैठक बुलाई गई है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार भी है, ऐसे में बैठक के दौरान सरकार के बीते ढाई साल के कामकाज की समीक्षा भी होगी। किन नई योजनाओं को सरकार ने प्रदेश में लागू कर जनता को राहत दी है, इसकी जानकारी ली जाएगी। क्या-क्या कमियां रहीं, इस पर भी बात होगी। सरकार और संगठन को एकजुट कर एक दिशा में चलाने के लिए राहुल गांधी पाठ भी पढ़ाएंगे। सभी मंत्रियों की परफार्मेंस को लेकर भी जवाबतलबी की जाएगी।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक का मुख्य एजेंडा प्रदेश में संगठन के गठन का रहेगा। साल 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए किस प्रकार से गतिविधियों को चलाया जाना है, इस पर बात होगी। निगमों-बोर्डों में रिक्त पड़े अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के पदों पर नियुक्ति को लेकर भी बैठक में फैसला हो सकता है।
ये भी पढ़ें:Una: ऊना हुआ पानी पानी, भारी बारिश से बरनोह गांव में जलभराव
बता दें की शुक्रवार शाम को दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू का 3 अगस्त को चंबा जाने का कार्यक्रम है। चंबा में चल रहे मिंजर मेले का 3 अगस्त को समापन होना है। संभावित है कि मुख्यमंत्री उसी दिन दिल्ली से चंबा जाएंगे और 4 अगस्त को दिल्ली लौटेंगे। 5 अगस्त को मुख्यमंत्री शिमला आएंगे।
शनिवार को मुख्यमंत्री दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय बैठक में सांविधानिक चुनौतियों पर मंथन करेंगे। बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच गई हैं।