
नेहा वर्मा। हमीरपुर
सर्दियों के मौसम में सरसों का साग और मक्की की रोटी एक सदाबहार कॉम्बिनेशन है। ये चीजें लोगों को खूब पसंद आती हैं। सरसों का साग पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो मक्के या बाजरा की रोटी के साथ मिलकर सेहत को अनगिनत फायदे पहुंचाता है। आयरन, कैल्शियम, विटामिन और मिनरल्स समेत तमाम पोषक तत्वों से भरपूर सरसों का साग स्वाद में भी लाजवाब होता है।
आवश्यक सामग्री:
- 1 किलो सरसों के पत्तों
- 250 ग्राम बथुआ
- 250 ग्राम पालक
- 50 ग्राम मक्के का आटा
- 2 लहसुन की कलियाँ
- थोड़ा अदरक
- 4 हरी मिर्च
- 3 बड़े प्याज
- 1 चम्मच हल्दी
- 1 चम्मच जीरा
- 1 चुटकी हींग
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- 4 बड़े चम्मच घी
विधि:
- सरसों का साग बनाने के लिए सबसे पहले सरसों के पत्ते, पालक और बथुआ को धोकर अच्छी तरह साफ कर लें।
- अब साग को गुनगुने पानी में भिगोकर उसमें एक चुटकी नमक मिला लें।
- पत्तेदार सब्जियों को अच्छे से धोने के बाद बारीक काट लीजिए। एक प्रेशर कुकर लें और सभी पत्तों को करीब आधे घंटे तक उबालें।
- इसमें पत्तों के साथ अदरक और लहसुन भी डाल दीजिए।
- अब इस मिश्रण को निकालकर मक्के के आटे के साथ ब्लेंडर में डालकर मिक्स कर लें।
- अब एक कड़ाही में 2 बड़े चम्मच घी डालकर गर्म करें। घी गर्म हो जाए, तब इसमें जीरा व लहसुन डाल दें।
- जब लहसुन ब्राउन हो जाए तब एक बर्तन में बारीक कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालें।
- इसके बाद उसमें उबला हुआ साग, मिर्च, धनिया पाउडर, हल्दी और स्वादानुसार नमक डाल दें।
- फिर इसे 10-15 मिनट तक पकने दें। जब साग तैयार हो जाए तो ऊपर से घी डालें।
- इस तरह आपका सरसों का स्वादिष्ट साग बनकर तैयार है। आप इसे मक्के की रोटी के साथ परोस सकते हैं।