
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
भाजपा कोर ग्रुप की बैठक शुक्रवार शाम को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के होटल पीटरहॉफ में हुई। हिमाचल भाजपा कोर ग्रुप बैठक में 3 महीने का रोडमैप तैयार हुआ है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 31 जनवरी तक 4 लोकसभा सीटों के संभावित प्रत्याशियों का पैनल मांगा है। प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगाने से पहले पार्टी अलग से सर्वे भी करवाएगी। इस बैठक में नड्डा ने 2024 लोकसभा चुनाव में 4-0 का लक्ष्य तय करके वर्क प्लान पार्टी को दिया है। जानकारी के अनुसार, बीजेपी हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों की एडवांस में लिस्ट बनाएगी और उस पर ग्राउंड लेवल पर जाकर सर्वे किया जाएगा। वहीं, बैठक में मौजूदा सांसदों के रिपोर्ट कार्ड पर भी चर्चा कि गई। साथ ही दिए गए निर्देशों पर पार्टी नेताओं को अवगत कराने को कहा गया है।
बैठक के दौरान प्रदेश के तीन मौजूदा सांसदों का रिपोर्ट कार्ड मांगा गया। नड्डा ने सांसदों के कामकाज की दिल्ली से लाई सर्वे रिपोर्ट भी कोर ग्रुप के सामने रखी। बैठक में तय किया गया कि चुनावों में मोदी फैक्टर जीत का आधार होगा। सामूहिक प्रयास कर एकजुटता से पार्टी चुनाव लड़ेगी। पिछले दो लोकसभा चुनावों में चारों सीटें जीतने के बाद इस बार पार्टी हैट्रिक लगाएगी। बैठक में मोदी सरकार की योजनाएं और 10 साल की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का अभियान चलाने का फैसला लिया गया। कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन सहित कई बड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: आज का इतिहास : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने भारत का विभाजन स्वीकार किया
बताते चलें कि, हिमाचल में शिमला, कांगड़ा, हमीरपुर और मंडी 4 लोकसभा सीटें हैं। 2014 और 2019 में भले बीजेपी ने चारों सीटें जीती हों लेकिन मंडी से बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद 2021 में हुए मंडी लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी और मौजूदा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सांसद बनी थी। इसलिए मौजूदा समय में बीजेपी के पास तीन और कांग्रेस के पास एक सीट है। बीजेपी चारों सीटें जीतने का दावा कर रही है और इसके लिए मजबूत प्रत्याशियों पर ही दांव लगाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश भाजपा संभावित प्रत्याशियों की लिस्ट तैयार करेगी। दरअसल, चार सीटों के लिए कौन-कौन कैंडिडेट हो सकते हैं, उनकी लिस्ट एडवांस में बनाकर भाजपा सर्वे भी करेगी ताकि कार्यकर्ता और जनता का मूड जान सके।