
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
इस महीने हिमाचल प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होगा। लोकसभा चुनाव के चलते कई आईएएस, एचएएस, आईपीएस और एचपीएस अफसर बदले जाएंगे। तीन साल से अधिक का एक स्थान पर सेवाकाल पूरा करने वाले अधिकारियों की इन दिनों सूची बनाई जा रही है। वहीं, कुछ जिलों के उपायुुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित एसडीएम और डीएसपी स्तर के अधिकारियों को बदला जाना है। संभावित है कि 26 जनवरी के बाद तबादलों की सूची जारी होगी।
ये भी पढ़ें: हिमाचल में सूखे की मार, 85 फीसदी तक घटा बिजली उत्पादन
बताते चलें कि अप्रैल-मई 2024 में लोकसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनाव आयोग ने राज्य सरकार को ऐसे अफसरों को बदलने के निर्देश दिए हैं, जिनका कार्यकाल एक स्थान पर तीन साल से अधिक हो गया है। सरकार की ओर से अगर इन अधिकारियों को समय रहते नहीं बदला गया तो चुनाव आयोग स्वयं इस बाबत कार्यवाही करेगा। सरकार के उच्च अधिकारियों ने बताया कि बदले जाने वाले अधिकारियों की सूची बनाने का काम जारी है। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से चर्चा करने के बाद तबादला आदेश जारी होंगे।
बीते वर्ष प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के बाद राज्य सरकार ने बड़े स्तर पर जिला अधिकारियों के तबादले नहीं किए हैं। कई जिलों में वो ही उपायुक्त कार्यरत हैं तो पूर्व की भाजपा सरकार के समय नियुक्त थे। मुख्यमंत्री ने सत्ता संभालते ही कहा था कि हम पुरानी व्यवस्थाओं को आगे नहीं बढ़ाएंगे। सत्ता परिवर्तन के साथ अफसरशाही को नहीं बदला जाएगा। अब लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही इन अधिकारियों को बदला जाना जरूरी हो गया है। तबादले होने की भनक लगते ही मनपसंद पोस्टिंग के लिए कई अधिकारियों ने सचिवालय के चक्कर काटना भी शुरू कर दिए हैं। यह अफसर अलग-अलग माध्यमों से मुख्यमंत्री से भी संपर्क साधने की जुगत भिड़ाने में जुटे हैं। शिमला, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू के उपायुक्तों को बदला जाना तय है। यह अधिकारी काफी समय से जिलों में कार्यरत हैं।