पोल खोल न्यूज़ | कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू और लाहौल स्पीति के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, निचले इलाकों में भी बारिश शुरू हो चुकी है। ताजा बर्फबारी के चलते सड़कों पर फिसलन बढ़ने लगी है।
रोहतांग दर्रा, अटल टनल के आसपास, मनाली, केलांग, डलहौजी और पांगी-भरमौर, ऊपरी शिमला, किन्नौर व मंडी के सराज, कांगड़ा में धौलाधार की पहाड़ियों में बर्फबारी हुई है। वहीं, मनाली और डलहौजी में नए साल की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। अटल टनल के दोनों छोर भी बर्फ से लद गए हैं। शिमला व अन्य भागों में बारिश दर्ज की गई है। बर्फबारी होने से मौसम में ठंडक बढ़ चुकी है। वहीं, अटल टनल रोहतांग में एक फीट से ज्यादा बर्फबारी हो चुकी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों के वाहन नेहरू कुंड से आगे नहीं भेजे जा रहे हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र शिमला के अनुसार बुधवार सुबह 10:00 बजे तक प्रदेश में बर्फबारी के चलते 130 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं।
ये भी पढ़ें: हिमाचल में 34 पुलिस अधिकारियों के तबादले, यहां देखें पूरी लिस्ट…..
उधर, राज्य भर में 395 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हुए हैं। सबसे ज्यादा 120 सड़कें लाहौल-स्पीति में बंद हैं। किन्नौर जिले के नाथपा में भूस्खलन से नेशनल हाईवे पांच बाधित हो गया है। जिले के छितकुल व अन्य ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। उधर, ऊपरी शिमला के नारकंडा, फागू, कुफरी, खड़ापत्थर, चौपाल के चंबी में बर्फबारी से बसों की आवाजाही बाधित हुई है। बर्फबारी से फागू के पास सुबह करीब 12 एचआरटीसी और निजी बसें फंस गईं। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद बसें वापस शिमला लौट गईं। चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में बर्फबारी के बाद लोग अपने घरों में दुबक कर रह गए हैं। हालांकि, बर्फबारी और बारिश से अब लोगों को राहत मिल गई है। वहीं, आने वाले समय में बागवानी के कार्यों में भी तेजी आएगी।
ये भी पढ़ें: हिमाचल में बदला मौसम, बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू
अटल टनल इलाके में फंसे 300 पर्यटक
बता दें कि 30 जनवरी की रात को मौसम खराब होने के कारण अटल टनल रोहतांग में पर्यटकों के लगभग 50 वाहन बर्फबारी में फंस गए थे। वाहनों में लगभग 300 लोग सवार थे। सभी वाहनों को पर्यटकों सहित डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने अपनी टीम के साथ सुरक्षित निकाला है। बर्फबारी के दौरान लगभग 2000 वाहनों को भी सुरक्षित निकाला गया।
उधर, जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की बात करें तो जलोड़ी दर्रा में भी अब तक 6 इंच से ज्यादा बर्फबारी हुई है। जिसके चलते बंजार से उपमंडल आनी का संपर्क कट गया है। यहां पर गाड़ियों की आवाजाही को रोक दिया गया है। जैसे ही मौसम साफ होगा तो उसके बाद प्रशासन द्वारा जलोड़ी दर्रा से बर्फ हटाने का काम शुरू किया जाएगा, ताकि बंजार से आनी के बीच फिर से गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो सके।
राजधानी का ऊपरी शिमला से कटा संपर्क
हिमाचल पथ परिवहन निगम की राजधानी से ऊपरी शिमला चलने वाली बस सेवाएं ठप हो गई हैं। तारा देवी डिपो के 90 फीसदी रूट फेल हुए हैं। कुफरी, फागू, नेरवा, चौपाल, रोहड़ू की ओर बसों का संचालन बंद है। फागू और खिड़की में भारी बर्फबारी के चलते निगम की 15 बसें से फंसी हैं। रामपुर और रिकांगपिओ के लिए ढली से बसंतपुर होते हुए बसें भेजी गईं। दिल्ली से शिमला होते हुए रामपुर और रोहड़ू चलने वाली दो वोल्वो बसें भी राजधानी से आगे नहीं भेजी जा सकीं। बारिश और बर्फबारी से किसानों- बागवानों को सूखे से राहत मिली है। राजधानी में ठिठुरन बढ़ गई है। छराबड़ा, कुफरी, नारकंडा और फागू मे बर्फबारी हुई है। वहीं शहर में सुबह से ही कोहरे के साथ हल्की बारिश जारी है।
बाहंग में रोके पर्यटक वाहन
मनाली में सुबह से भारी बर्फबारी हो रही है। अटल टनल रोहतांग में लगभग 25 सेंटीमीटर, धुंधी 20, सोलंगनाला 18, पलचान में 15 और नेहरुकुंड में लगभग 10 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फबारी का क्रम लगातार जारी है। इसको देखते हुए मनाली प्रशासन ने अलर्ट जारी कर पर्यटकों से मालरोड़ में ही बर्फबारी का आनंद लेने की अपील की है। एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने बताया कि पर्यटक वाहनों को बाहंग में रोका जा रहा है। बर्फबारी के कारण पर्यटकों को सोलंगनाला की ओर नहीं भेजा जा रहा। हिडिंबा मंदिर मनाली में भी बर्फबारी हुई है।