प्रदेश भर में प्रेसवार्ता कर सुक्खू सरकार की नीतियों और संगठन के कार्यों का कर रहे प्रसार
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल इन दिनों सरकार और संगठन के बीच कड़ी बनकर भाजपा पर हमलावर बने हुए हैं। बेशक सुक्खू सरकार और कांग्रेस संगठन के बीच इक्का दुक्का तनातनी की बातें सामने आती रहती हैं लेकिन प्रेम कौशल अपनी ही धुन में प्रदेश भर में प्रेसवार्ता कर सुक्खू सरकार की नीतियों और संगठन के कार्यों का प्रसार करते हुए नजर आते हैं। मिडिया फ्रेंडली व्यवहार होने के कारण प्रेम कौशल को मीडिया भी पूरी तवज्जो देता रहा है। प्रदेश के शिमला बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर, सोलन, धर्मशाला इत्यादि क्षेत्रों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रेम कौशल केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तीखे हमले करते नजर आए हैं।
ये भी पढ़ें: कुल्लू में सरकारी राशन घोटाला, फूड इंस्पेक्टर पर विजिलेंस का एक्शन
प्रेम कौशल ने हाल ही में धर्मशाला में पत्रकार वार्ता कर चंडीगढ़ मेयर मामले में जिस प्रकार से भाजपा को घेरा है, उसमें इनकी राजनीतिक परिपक्वता दिखती है। प्रेम कौशल के अनुसार भाजपा के इशारे पर ही चंडीगढ़ में लोकतंत्र की हत्या हुई और सुप्रीम कोर्ट ने लोकतंत्र की रक्षा की। प्रेम कौशल कहते हैं कि भाजपा 400 पार का नारा बुलंद करती है और एक मेयर का चुनाव हेरा फेरी से जीतती है जिसे सुप्रीम कोर्ट ने निरस्त कर दिया। ऐसा ही एक सुप्रीम फैसला पॉलिटिकल बॉन्ड्स को लेकर भी आ चुका है। प्रेम कौशल ईवीएम में गड़बड़ी के आरोपों को भी प्रमुखता से उठाते हैं। प्रदेश सरकार और संगठन के बीच तनातनी के सवालों को प्रेम कौशल सहजता से संभालते हैं। राजनीतिक अनुभव और शब्दों के उचित चयन के कारण आज प्रेम कौशल सरकार और संगठन की आवाज बनकर उभर रहे हैं। आने वाले समय में इसका प्रेम कौशल को कितना लाभ सरकार या संगठन में मिलेगा , यह तो वक्त ही बताएगा।