
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में दो दिनों तक साफ रहने के बाद मौसम के फिर बिगड़ने की संभावना है। वहीं,मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 10 व 12 मार्च की रात से लगातार दो ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के कई भागों में चार दिन बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
ये भी पढ़ें: शिमला : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर धनीराम शांडिल ने दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश
10 मार्च को उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है। 11 से लेकर 14 मार्च तक ऊंचाई वाले कई भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। वहीं, निचले व मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में अंधड़ व बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।
उधर, राज्य में बीते दिनों हुए बर्फबारी के चलते शुक्रवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में चार नेशनल हाईवे व 374 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं। इसके अलावा 405 बिजली ट्रांसफार्मर व 16 पेयजल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। लाहौल-स्पीति में सबसे अधिक 285 सड़कें ठप हैं।