
कलश यात्रा के साथ बाग चौकी कुठेड़ा में भागवत पुराण कथा का शुभारंभ
पोल खोल न्यूज़ डेस्क | हमीरपुर
जिला हमीरपुर के ग्राम पंचायत कुठेड़ा के गांव बाग चौकी में पीपल पेड़ के पास श्रीमद्भागवत पुराण कथा का शुभारंभ हुआ। जिसमें आचार्य कथा वाचक पंडित जनक राज शर्मा सात दिनों तक श्रीमद् भागवत पुराण कथा सुनाएंगे। शुक्रवार सुबह महिलाओं ने कलश यात्रा का आयोजन किया। इस दौरान गांव के बावड़ी-कुंए से पानी भरकर बाजे गाजे के साथ शोभायात्रा निकाली, जो पंचवटी शिव मंदिर कुठेड़ा बाज़ार तक पहुंची, इसके बाद कलश की स्थापना की गई।
ये भी पढ़ें: संदीप सांख्यान ने 32 वें चिल्ड्रेन साइंस कांग्रेस का किया शुभारंभ
कथा के पहले दिन आचार्य कथा वाचक पंडित जनक राज शर्मा ने श्रीमद् भागवत पुराण के महात्म्य के विषय में बताया। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत पुराण सभी शास्त्रों तथा धार्मिक ग्रंथों में महान है। इसके सामने बड़े-बड़े तीर्थ और व्रत नगण्य हैं। इस पुराण के सुनने से पाप सूखे वन की भांति जलकर नष्ट हो जाते हैं, जिससे मनुष्य को शोक,क्लेश,दुख आदि नहीं भोगने पड़ते। जिस प्रकार सूर्य के प्रकाश के सामने अंधकार छंट जाता है, उसी प्रकार भागवत पुराण के श्रवण से मनुष्य के सभी कष्ट,व्याधियां और संकोच समाप्त हो जाते हैं।
कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक रहेगा। 24 अक्तूबर को पूर्णाहुति होगी और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मुख्य शास्त्री राम शर्मा के अलावा राज कुमार शर्मा, पृथ्वी चन्द शर्मा, सुरेश कुमार शर्मा, पंडित सुशील शर्मा, अशोक शर्मा, विनोद शर्मा,शशि शर्मा, अंकुश शर्मा, पंडित अमर नाथ संदीप शर्मा, विजय कुमार शर्मा के अलावा क्लेश की मातृ शक्ति अन्य ग्रामवासी भी उपस्थित रहे।