
कांग्रेस का “सर्वोदय संकल्प शिविर 2025” सुजानपुर में आयोजित
बिंदिया ठाकुर | सुजानपुर
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का “सर्वोदय संकल्प शिविर 2025” सुजानपुर के सागर होटल में सम्पन्न हुआ। यह एक दिवसीय शिविर प्रदेश में होने वाले आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति पर केंद्रित रहा। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के उद्देश्यों और क्रियाकलापों पर चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सचिन मिरूपा ने कहा कि देश और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए पंचायतीराज संस्थाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत राज में सही प्रतिनिधियों का चयन होना बेहद जरूरी है।
राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी डॉ. सुनील पवार ने कहा कि भारत को “देश से राष्ट्र” बनाने के लिए स्वराज की आवश्यकता है। स्वराज का लक्ष्य तभी प्राप्त होगा, जब नैतिक साधनों से सत्ता की प्राप्ति हो। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सत्य, अहिंसा, प्रेम और सद्भाव जैसे मूल्यों को पुनर्जीवित करने का आह्वान किया।
प्रदेश संयोजक हीरा पाल सिंह ने कांग्रेस की विचारधारा, पंचायती राज और नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के सशक्तिकरण पर जानकारी दी। विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने संगठन को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होगा, तो आगामी पंचायत चुनावों में अधिकांश प्रतिनिधि कांग्रेस विचारधारा के बनेंगे।
कार्यक्रम में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, राष्ट्रीय सचिव तृप्ता ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश ठाकुर, प्रदेश महासचिव राजेंद्र वर्मा, बीडीसी अध्यक्ष आरती देवी, ब्लॉक अध्यक्ष देस राज ठाकुर सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। शिविर में कांग्रेस विचारधारा को मजबूती देने और संगठन के सुदृढ़ीकरण पर व्यापक चर्चा की गई।