
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग केंद्र ने 15 और 16 मार्च को बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यह मौसमी बदलाव राज्य के विभिन्न हिस्सों, खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में प्रभाव डाल सकता है।
बता दें कि बीते दिन यानी 14 मार्च को भी हिमाचल के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई और मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक 15 और 16 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में बारिश और बर्फबारी होगी। ऊंचे पहाड़ी इलाकों जैसे शिमला, मनाली, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी की संभावना है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इस दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : HP Vidhan Sabha Session: विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से किया वॉकआउट
राहत की बात यह है कि 17 मार्च के बाद मौसम में सुधार होगा और 18 मार्च से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी और ठंड से कुछ राहत मिलेगी।
येलो अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने को कहा है। बीते 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश में ऊना का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक था।