
मंडी के परौल गांव में हुआ रहस्यमयी धमाका, मकान क्षतिग्रस्त
पोल खोल न्यूज़ | मंडी
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के बालू क्षेत्र के पराैल गांव में आधी रात को जोरदार रहस्यमयी धमाका हुआ। इससे पूरे गांव में दहशत का माहाैल पैदा हो गया। यह धमाका रात करीब 2:20 बजे गांव के परमदेवी पुत्र बृज के मकान में हुआ। इससे रसोईघर पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रसोईघर में रखा सारा मकान भी राख हो गया। जबकि एलपीजी सिलिंडर पूरी तरह सुरक्षित है। रसाईघर से सटे स्लेटपोश मकान को भी क्षति पहुंची है।
धमाका इतना जोरदार था कि रसोईघर के भीतर सबकुछ राख हो गया। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह धमाका किस वजह से हुआ। आधी रात को धमाके की आवाज सुनकर गांव के लोग तुरंत माैके पर पहुंचे। आशंका जताई जा रही कि बिजली गिरने से यह धमाका हुआ होगा। वहीं, प्रभावित परिवार से प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल के निर्दलीय विधायकों की सीटों पर जल्दी उपचुनाव के आसार कम
वहीं, शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचीं स्थानीय पंचायत प्रधान निर्मला देवी ने बताया कि शुक्रवार सुबह वार्ड सदस्य ने हादसे की सूचना दी थी। धमाका इतना जोरदार था मकान की छत से लेकर नींव तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। क्षतिग्रस्त मकान में तीन भाई रहते हैं। सबसे ज्यादा नुकसान परमदेव का हुआ है। कहा कि प्रभावित गरीब परिवार से संबंधित है। उन्होंने कहा कि अंदाजा है कि बिजली गिरने के कारण धमाका हुआ होगा और मकान में आग लग गई।