
आतिशी होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, आप विधायक दल की बैठक में फैसला
पोल खोल न्यूज़ | नई दिल्ली
आतिशी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। वह अरविंद केजरीवाल की जगह दिल्ली सरकार का कार्यभार संभालेंगी। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद से ही दिल्ली में लगातार सियासी हलचल तेज मची हुई है। रविवार (15 सितंबर) को अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया था कि वो दो दिन बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। जिसको लेकर आज वो शाम करीब 4 बजे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव तक दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी को बनाया गया है। ये फैसला विधायक दल की बैठक लिया गया है।
आपको बता दें कि विधायक दल की बैठक से पहले सोमवार (16 सितंबर) को दिल्ली के सीएम आवास पर पीएसी की बैठक हुई थी। इस बैठक में मनीष सिसोदिया, राघव चड्ढा, आतिशी समेत आम आदमी के कई बड़े नेता शामिल हुए थे, जिसके बाद कुछ संभावित नामों पर चर्चा की गई, इसके बाद इन नामों की लिस्ट को मंगलवार (17 सितंबर) को विधायक दल की बैठक में पेश किया गया, जिसके बाद ये फैसला लिया गया।
आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने रविवार को अपने इस्तीफा देने के ऐलान के दौरान दिल्ली की जनता पर भरोसा जताते हुए कहा था कि यदि जनता उन्हें ईमानदार मानती है तो दिल्ली में आने वाले विधानसभा चुनाव में बहुमत देकर जनता उन्हें फिर एक बार जिताएगी. इसके बाद ही अब वे मुख्यमंत्री की कुर्सी पर वापस बैठेंगे।
बीजेपी की रणनीति तैयार
जहां अरविंद केजरीवाल ने एकतरफ दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा देकर दांव पेश किया है। वहीं, बीजेपी ने भी दिल्ली में अपनी रणनीति तैयार कर ली है। बीजेपी को इस बात का अहसास है कि अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के पीछे दिल्ली के लोगों से सहानुभूति लेना है। लिहाजा बीजेपी ने इसकी काट के तौर पर दिल्ली की सड़कों पर उतरेगी और करप्शन के मुद्दे को हथियार बनाएगी।
कौन हैं आतिशी मार्लेना
दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना आम आदमी पार्टी की सीनियर नेताओं में से एक मानी जाती हैं। आतिशी ने सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। आतिशी फिलहाल दिल्ली के कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनके पास दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी, संस्कृति और पर्यटन मंत्री के रूप में काम कर रही हैं। आतिशी को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का खास माना जाता है।
आतिशी का जन्म 8 जून 1981 को दिल्ली में हुआ था। उनके माता-पिता, विजय सिंह और त्रिप्ता वाही, दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर थे। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा स्प्रिंगडेल्स स्कूल, दिल्ली से पूरी की और फिर सेंट स्टीफेंस कॉलेज, दिल्ली से इतिहास में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से चेवेनिंग स्कॉलरशिप पर प्राचीन और आधुनिक इतिहास में मास्टर्स किया।
आतिशी ने 2012 में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान राजनीति में कदम रखा और आम आदमी पार्टी की नींव रखने वाले लोगों में शामिल रहीं। पार्टी को आज इस मुकाम तक पहुंचाने में आतिशी का बड़ा योगदान है। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। 2020 में उन्होंने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता और विधायक बनीं। इसके बाद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद वे शिक्षा मंत्री बन गईं।