
हिमाचल की धरती पर हुआ था राम मंदिर बनाने का संकल्प : मोदी
पोल खोल न्यूज़ | मंडी
मंडी के पड्डल मैदान में पीएम मोदी पहुंच गए हैं। पीएम ने मंडी में अपने भाषण की शुरुआत में सभी देवी-देवताओं को नमन किया। पीएम ने कहा कि हिमाचल के पालमपुर में भाजपा वर्किंग कमेटी में जो निर्णय हुआ था, उसने इतिहास रच दिया। इसी अधिवेशन में भाजपा ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया है। हिमाचल राम मंदिर निर्माण की संकल्प भूमि है। यह संकल्प सिद्ध हो चुका है। अब 500 सालों का इंतजार खत्म हुआ है। यह आपके वोट की ताकत है। आज अयोध्या में रामलला विराजमान हुए हैं। लेकिन कांग्रेस खुश नहीं है। अगर आपके वोट की ताकत नहीं होती तो कांग्रेस कभी राम मंदिर नहीं बनाने देती।
ये भी पढ़ें: नाहन में पीएम मोदी का सिरमौरी अंदाज, सोबी कै मेरी ढाल कहकर किया देवी-देवताओं को नमन
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा राम मंदिर से कांग्रेस खुश नहीं है। अगर आपके एक वोट ने मोदी की ताकत नहीं बढ़ाई होती तो कांग्रेस ने ये राम मंदिर नहीं बनने दिया होता। आपके एक वोट ने जम्मू कश्मीर से 370 की दीवार गिरा दी। आपके वोट ने पूर्व सैनिकों को वन रैंक, वन पेंशन दिलाई। आपके वोट ने दुनिया के सबसे बड़ी आर्थिक शक्तियों में शुमार करवाया। आपके वोट ने महिलाओं को आरक्षण दिलाया, सीएए को लागू करवाया।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस देश के विकास में रिवर्स गियर लगाना चाहती थी। कांग्रेस सीएए को खत्म करने, धारा 370 को फिर से लगाने की बात कर रही है। मोदी ने समान नागरिकता संहिता का संकल्प लिया है। कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। कांग्रेस शरिया कानून को समर्थन देती है। कहा कि कंगना रणाैत देश की बेटियों की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं। कांग्रेस ने मंदिरों का नाम लेकर कंगना के लिए जो बातें कहीं, वह छोटी काशी, मंडी व मंडी की बेटी का अपमान है। कांग्रेस का शाही परिवार बेटी विरोधी व महिला विरोधी है। मैंने सैनिक स्कूलों, सैना में बेटियों के लिए दरवाजे खोले दिए हैं। आने वाले पांच साल बेटियों के लिए बुलंद उड़ान के होने वाले हैं।
पीएम मोदी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कहां हिमाचल में लाखों नाैकरियां देने की बात की थी, कहां सर्विस कमीशन पर ताला लगा दिया। इन्होंने कमीशन पर ताला नहीं लगाया, हिमाचल के युवाओं के भविष्य पर ताला लगाया है। जयराम ठाकुर ने सैकड़ों संस्थान खोले, उनपर ताला लगा दिया। देश धोखेबाजों को कभी माफ नहीं करता है। हिमाचल के जीवन में कर्मचारी ही बहुत बड़ी जिंदगी है। कर्मचारी महंगाई भत्ते का अभी तक इंतजार कर रहे हैं। आपदा के दाैरान केंद्र से सैकड़ों करोड़ भेजे गए, उसके भी यहां बंदरबांट हुई। इस सरकार का जाना अब तय है। इस बंदरबांट का हिसाब लिया जाएगा और पात्र लोगों को दिया जाएगा। कांग्रेस सरकार इस राज्य को बर्बादी के रास्ते पर लेकर जा रही है, इसे रोकना होगा। कहा कि दलाई लामा से उनकी अक्सर बात होती है।