हिमाचल के विकास में वीरभद्र का हाथ, नरेंद्र मोदी का नहीं कोई कॉन्ट्रीब्यूशन : खड़गे
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
जिला शिमला के रोहड़ू में कांग्रेस की जनसभा हो रही है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, विधायक कुलदीप राठौर, शिमला लोकसभा सीट से उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी, कैबिनेट मंत्री रोहित ठाकुर समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद हैं। रोहित ठाकुर ने कहा कि ये चुनाव देश की दिशा और दशा बदलने वाला चुनाव होगा। हिमाचल के किसान और बागवानों की अनदेखी बीजेपी सरकार करती रही है। मोदी जी हिमाचल आए और सेपू बड़ी और सिड़कू की बात की, लेकिन हिमाचल से जुड़े मुद्दों पर कुछ नहीं बोले। हिमाचल के जुड़े मुद्दे भी संसद में नहीं उठाए गए। पिछले 10 साल में पहाड़ी राज्य हिमाचल की अनदेखी हुई है। रोहित ठाकुर ने कहा कि विनोद सुल्तानपुरी मजबूती से शिमला की आवाज संसद में बुलंद करेंगे।
रोहड़ू में कांग्रेस की रैली में विधायक कुलदीप राठौर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार किसान और बागवान विरोधी सरकार है। मोदी जी हिमाचल आए, लेकिन उन्होंने जो हिमाचल के किसान-बागवान और जनता से वादे किए थे, उनका जिक्र भी नहीं किया। सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने का वादा नरेंद्र मोदी ने किया था। जिस आयात शुल्क को 100 फीसदी करने का वादा था, उसे 50 से घटाकर 30 फीसदी तक पहुंचा दिया. ईरान जैसे देशों से सेब आ रहा है। विदेशी सेब के कारण हिमाचल के बागवानों को नुकसान हो रहा है। हिमाचल के सीए स्टोर में रखा सेब खराब हो रहा है और बागवान औने-पौने दाम में बेचने को मजबूर है। बीजेपी के राज में हिमाचल की अनदेखी हुई है। आपदा के वक्त अन्य राज्यों की मदद हुई है, लेकिन हिमाचल की कोई मदद नहीं की गई। कुलदीप राठौर ने कहा कि पीएम मोदी ने भी अपनी जनसभा में कहा कि हिमाचल को मदद दी गई। हम उन्हें चैलेंज करते हैं कि इस पर श्वेत पत्र जारी करें, जिससे पता चल सके कि हिमाचल को आपदा के लिए केंद्र सरकार ने कितना पैसा दिया।
ये भी पढ़ें: अमित शाह बोले….चिंतपूर्णी की धरती से डंके की चोट से कहता हूं…POK हम लेकर रहेंगे
वहीं, शिमला के रोहड़ू में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हिमाचल की सुंदरता स्विट्जरलैंड से भी अधिक है। मैं एक छात्र के रूप में सबसे पहले हिमाचल आया था, क्योंकि उस वक्त स्टूडेंट को रेलवे मंत्रालय की तरफ से ये छूट मिलती थी, लेकिन नरेंद्र मोदी ने वो भी खत्म कर दिया है।
सरकार बनने पर 30 लाख नौकरियां, महिलाओं को 1 लाख रुपए की गारंटी: खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो सरकारी नौकरी के 30 लाख पद भरे जाएंगे। सभी किसानों का कर्ज माफ करेंगे। जैसे मनमोहन सिंह की सरकार में किया गया था। खेतीबाड़ी से जुड़ी किसी भी चीज पर जीएसटी नहीं लगाएंगे। जाति जनगणना के साथ-साथ महिलाओं को एक लाख रुपये भी देंगे। कांग्रेस चुनाव जीतने वाली है, क्योंकि जनता बीजेपी को हराने के लिए तैयार है। खड़गे ने कहा कि नरेंद्र मोदी अमीरों के साथ हैं और हम गरीबों के साथ हैं। जो रेल, एयरपोर्ट और पोर्ट हमने बनवाए थे मोदी जी उसे बेच रहे हैं। इसे रोकने के लिए कांग्रेस की सरकार बनानी होगी। खड़गे ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा किया था, वो वादा पूरा किया, लेकिन बीजेपी ने उसपर स्टे लगवा दिया। मगर चुनाव के बाद अप्रैल और मई की रकम खाते में आएगी। हमने कर्नाटक में भी वादा किया और निभाया, लेकिन नरेंद्र मोदी की ओर से कोई वादा पूरा नहीं किया गया।
सीमा पर चीन घर और सड़कें बना रहा, अब कहां है 56 इंच की छाती : खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी जी कहते हैं कि कांग्रेस आपकी संपत्ति, मंगलसूत्र छीन लेंगे। इस देश में कोई माई का लाल पैदा हुआ है क्या जो किसी का मंगलसूत्र छीन ले। खड़गे ने कहा कि पीएम कहते हैं कि दो भैंस होगी तो कांग्रेस सरकार एक भैंस मुस्लिम को दे देगी। ये कोई प्रधानमंत्री बोल सकता है क्या ? ऐसा कोई प्रधानमंत्री होता है क्या ? प्रधानमंत्री पंडित नेहरू जैसा होता है, जिसने सबको समान नजर से देखा। पीएम इंदिरा गांधी जैसा होना चाहिए, जिसने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए और बांग्लादेश को आजादी दिलाई। जंग जीतने के बाद आत्मसमर्पण कर चुके एक लाख पाकिस्तानी फौजियों को वापस कर दिया। खड़गे ने कहा कि आज चीन सीमा पर घर और सड़कें बना रहा है, अब कहां है 56 इंच की छाती। ऐसे नेताओं को सबक सिखाना जरूरी है। अगर जनता ने इन्हें नहीं रोका तो देश में लोकतंत्र की जगह तानाशाही आ जाएगी और सारे कानून, अधिकार खत्म हो जाएंगे।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि हम दोनों एक मंत्री के रूप में मिलते थे। वो अपने काम को लेकर शर्माते नहीं थे। वो किसी काम को छोड़ते नहीं थे। रेल से लेकर सड़क और अस्पताल तक के काम के लिए वो मंत्रियों से मिलते थे। हिमाचल के विकास में कांग्रेस और वीरभद्र के विकास में बहुत बड़ी भूमिका निभाई. नरेंद्र मोदी का इसमें कोई कॉन्ट्रीब्यूशन नहीं। सेब के अच्छे दाम दिलाने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं किया। उल्टे सेब पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दी। वो जो कहते हैं उसका उल्टा करते हैं। वो काम कम करते हैं और भाषण बहुत देते हैं, फोटो खिंचवाते हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हिमाचल में बड़ी आपदा आई और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र से 10 हजार करोड़ मांगे। हमने केंद्र सरकार से मदद मांगी, लेकिन उन्होंने हमारे झोले में सिर्फ पत्थर डाले और वो अब 5 साल और मांग रहे हैं। खड़गे ने कहा कि नरेंद्र मोदी को झूठ बोलने की आदत है। पहले चुनाव में उन्होंने वादा किया कि हर किसी के खाते में 15-15 लाख रुपये डाल दूंगा। कहा था कि स्विस बैंक में कांग्रेसियों का काला धन रखा है, जिसे लेकर आएंगे। इसी तरह हर साल 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया गया था, लेकिन क्या 10 साल में 20 करोड़ नौकरियां मिलीं क्या? खड़गे ने कहा कि क्या प्रधानमंत्री झूठ बोल सकता है ? क्योंकि वो तो हरिश्चंद्र के बेटे हैं. किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया था। बुलेट ट्रेन चलाने का वादा भी किया था, पहले इसपर एक लाख करोड़ खर्च होना था अब 3 लाख करोड़ खर्च होंगे। लेकिन अब तक बुलेट ट्रेन नहीं आई। वैसे बुलेट ट्रेन से गरीब का कोई फायदा नहीं। सबके सिर पर छत का वादा किया गया था। पहले 40 करोड़ घर का वादा किया उसे घटाकर 30 और 20 करोड़ कर दिया। अब तक 40 लाख घर भी नहीं बने और पीएम मोदी कहते हैं देश के लिए जान दे दूंगा।
ये भी पढ़ें:जब अनुराग ने राजनीति शुरू की तो दिल्ली से ट्रेन ऊना पहुंच चुकी थी : रायजादा
खड़गे ने कहा कि पीएम मोदी पहले कहते थे कि 70 साल में कांग्रेस ने देश को बर्बाद कर दिया। अब वो 55 साल का जिक्र करते हैं। अगर कांग्रेस ने देश को बर्बाद किया होता तो स्कूल में इतने कॉलेज, स्कूल होते क्या, लेकिन वो अपने 10 साल का हिसाब नहीं देते हैं।
खड़गे ने कहा कि आजादी के बाद समाज को एकजुट रखना भी मुश्किल था, लेकिन तब भी पंडित नेहरू और अन्य नेताओं ने इस देश को इकट्ठा रखा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी भगवान का नाम कम लेते हैं और कांग्रेस, राहुल गांधी का नाम ज्यादा लेते हैं। वो सोते हुए भी यही नाम लेते हैं, क्योंकि वो कांग्रेस, राहुल गांधी और सोनिया गांधी से डरते हैं। हमें डराने की खूब कोशिश की, लेकिन हम डरने वाले नहीं है, क्योंकि हम जनता के लिए काम कर रहे हैं और करते रहेंगे। ये चुनाव सिर्फ एक सांसद का चुनाव नहीं है। जनता मोदी के खिलाफ लड़ रही है महंगाई और बेरोजगारी के लिए है। कांग्रेस भी जनता के लिए लड़ रही है। बीजेपी अग्निवीर योजना लाई, कांग्रेस राज में फौज में परमानेंट नौकरी और पेंशन मिलती थी। फौज को जो सहूलियतें मिलती थी, लेकिन बीजेपी ने सब खत्म कर दिया। ओल्ड पेंशन हिमाचल में लागू है लेकिन बीजेपी की सरकार जिस राज्य में बनी वहां ओल्ड पेंशन खत्म कर दी गई।