
टेंट धोने खड्ड गए थे दो लोग, एक शख्स की मौत और दूसरा घायल
पोल खोल न्यूज़ | कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के तहत पुलिस चौकी गंगथ के तहत छौंछ खड्ड में दलदल में फंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, मृतक व्यक्ति की पहचान 42 वर्षीय पाला के तौर पर हुई है जो बेहड़ी-बोहल का रहने वाला है।
वहीं, अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की पहचान शमशेर सिंह उम्र 35 साल निवासी गांव मलाखड़ के रूप में की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को दोनों शख्स टेंट की धुलाई करने के लिए गंगथ की छौंछ खड्ड में गए थे। इस दौरान दोनों व्यक्ति खड्ड के दलदल में फंस गए।
ये भी पढ़ें: NIT में हुए सुधारो से बौखलाए लोगों द्वारा किया जा रहा NIT की छवि खराब करने का प्रयास : एच एल सूर्यवंशी
वहां मौजूद एक शख्स ने दोनों लोगों को काफी मशक्कत के बाद दलदल से निकाला। दलदल से निकालने के बाद दोनों को गंगथ अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पाला को गंभीर हालत के चलते नूरपुर अस्पताल रेफर किया गया। यहां पाला की मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आगामी कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि मृतक शख्स अपने पीछे पत्नी व 2 छोटे बच्चों को छोड़ गया है। बता दें कि गर्मियों के दिनों में अकसर खड्डों में पानी का स्तर नीचे गिर जाता है। इस कारण खड्डों में दलदल बढ़ जाता है। ऐसे में सावधानी ना बरतने से लोग हादसों का शिकार हो जाते जाते हैं।