
Himachal : विधानसभा उपचुनाव में चुने गए छह विधायकों ने ली शपथ
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में उपचुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद आज नव निर्वाचित विधायकों ने सदन की सदस्यता की शपथ ली। धर्मशाला से सुधीर शर्मा, सुजानपुर से कैप्टन रंजीत राणा, गगरेट से राकेश कालिया, कुटलैहड़ से विवेक शर्मा, लाहौल-स्पीति से अनुराधा राणा और बड़सर से इंद्र दत्त लखनपाल ने विधानसभा सदन की सदस्यता की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित कैबिनेट मंत्री, विधायक व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि आज नवनिर्वाचित छह सदस्यों को शपथ दिलाई गई है। सभी को शुभकामनाएं व बधाई। कहा कि सदस्यों को विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर सदन में पूरा सहयोग मिलेगा। उनसे भी उम्मीद है कि हिमाचल के हित्त से जुड़े विषयों को विधानसभा में उठकर जन कल्याण में अपना सहयोग देंगे। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा 4 जून को सरकार बनाने की बात कर रही थी। कांग्रेस को बहुमतके लिए एक सीट की जरूरत थी, लेकिन उपचुनाव में हमने चार सीटें जीतीं और 38 पर पहुंच गए हैं। अब साढ़े तीन साल हमने जनता के कार्य करने हैं। हिमाचल को आत्म निर्भर बनाने की दिशा में कई फैसले लिए और ले रहे हैं। सीएम ने कहा कि भाजपा ने बिके हुए प्रत्याशियों को टिकट दिया और जनता उन्हें बाहर का रास्ता दिखाने में 80 फीसदी तक सफल हुई।
ये भी पढ़ें: साइबर अपराधी पुलिस अधिकारी बन कर रहे हैं ठगी
वहीं इंद्रदत्त लखनपाल को दोबारा शपथ लेनी पड़ी। लखनपाल ने शपथ लेते समय ईश्वर की शपथ शब्द नहीं बोला। इसलिए विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें दोबारा से शपथ लेने का कहा।