Sawan 2024 : इस दिन से शुरू हो रहा है सावन का महीना, जान लें सोमवार और शिवरात्रि व्रत की सही डेट
पोल खोल न्यूज़ डेस्क | हमीरपुर
सावन का महीना बेहद ही पवित्र माना जाता है। श्रावण मास शंकर भगवान को समर्पित होता है और भक्त देवों के देव महादेव और माता पार्वती की विशेष पूजा-आराधना करते हैं। सावन में सावन सोमवार व्रत का खास महत्व है। भक्तों को इस महीने का बेसब्री से इंतजार होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन सोमवार व्रत करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं सु.ख-समृद्धि में बढ़ोतरी होती है। चलिए जानते हैं इस वर्ष सावन महीने की शुरुआत किस तिथि से होने वाली है।
कब शुरू हो रहा है सावन का महीना
आषाढ़ पूर्णिमा के बाद श्रावण मास शुरू होता है। इस वर्ष आषाढ़ पूर्णिमा 21 जुलाई को शुरू हो रही है। ऐसे में इसके अगले दिन यानी 22 जुलाई से सावन का महीना शुरू होगा। 22 तारीख को ही सावन महीने का पहला सोमवार व्रत भी पड़ रहा है। सावन के महीने में सोमवार व्रत, सावन शिवरात्रि, मंगला गौरी व्रत का भी विशेष महत्व होता है।
2024 में कब-कब है सावन सोमवार व्रत ?
सावन सोमवार व्रत करने से शिव जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। इस वर्ष कुल पांच सावन सोमवार व्रत पड़ रहे हैं। इस पवित्र महीने का समापन 19 अगस्त को होगा। इस पावन महीने की शुरुआत सोमवार व्रत से हो रही है और अंत भी सोमवार व्रत से ही होगा। इस वर्ष सावन नक्षत्र और प्रीति योग में श्रावण मास शुरू होने वाला है। प्रिति योग सावन माह के प्रथम दिन सुबह से 5 बजकर 58 मिनट शाम तक रहेगा। श्रावण नक्षत्र सुबह से लेकर रात्रि 10:21 मिनट तक रहेगा। इस बार पड़ने वाले सावन सोमवार व्रत की तिथि इस प्रकार है-
1. प्रथम सावन सोमवार व्रत- 22 जुलाई
2. दूसरा सावन सोमवार व्रत- 29 जुलाई
3. तीसरा सावन सोमवार व्रत- 5 अगस्त
4. चौथा सावन सोमवार व्रत- 12 अगस्त
5. पांचवां सावन सोमवार व्रत- 19 अगस्त
सावन शिवरात्रि 2024
शास्त्रों के अनुसार, सावन की शिवरात्रि का विशेष महत्व बताया जाता है। सावन की शिवरात्रि सावन महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि के दिन मनाई जाती है। इस बार सावन शिवरात्रि 2 अगस्त दोपहर 3 बजकर 26 मिनट पर शुरू होगी और 3 अगस्त दोपहर 3 बजकर 50 मिनट पर समाप्त होगी। भगवान शिव की पूजा शविरात्रि के दिन निशिता काल में की जाती है, इसलिए सावन शिवरात्रि व्रत 2 अगस्त 2024 को रखा जाएगा।
सावन माह महत्व
शास्त्रों में वर्णन है कि जब चातुर्मास में भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं तब महादेव ही सृष्टि का पालन करते हैं। शिव पुराण के अनुसार सावन चातुर्मास का पहला महीना होता है, जिसके अधिपति शंकर जी है। इस दौरान भोलेनाथ पृथ्वी पर वास कर अपने भक्तों के दुख, कष्ट दूर करते हैं।
मारकण्डेय ऋषि ने लंबी आयु के लिए सावन माह में ही घोर तप कर शिव जी की कृपा प्राप्त की थी, जिससे दीर्धायु का वरदान मिला। यही कारण है कि सावन में शिव पूजा करने वालों के समस्त संकट दूर हो जाते हैं।
सुख, समृद्धि, सफलता, लंबी आयु, धन, सुखी वैवाहिक जीवन, अच्छा जीवनसाथ प्राप्त होता है। मृत्यु के बाद व्यक्ति जन्म-मरण के बंधन से मुक्त हो जाता है।
सावन 2024 शिव पूजा की महत्वपूर्ण तिथियां
4 अगस्त 2024 सावन अमावस्या
1 अगस्त 2024 गुरु प्रदोष व्रत (कृष्ण)
2 अगस्त 2024 सावन शिवरात्रि
9 अगस्त 2024 नाग पंचमी
17 अगस्त 2024 शनि प्रदोष व्रत (शुक्ल)
19 अगस्त 2024 सावन पूर्णिमा
डिस्क्लेमर: यहां दी गई सभी जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। पोल खोल न्यूज़ इसकी पुष्टि नहीं करता। इसके लिए किसी एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें।