
Himachal Assembly Session: स्पीकर के बयान पर सदन में विपक्षी सदस्यों का हंगामा
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र के चाैथे दिन शुक्रवार को सदन में विधानसभा अध्यक्ष की टिप्पणी को लेकर सदन में हंगामा हुआ। बता दें कि भाजपा विधायक इंद्र लखनपाल ने कहा कि चुनाव के दौरान अध्यक्ष ने आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। वहीं अध्यक्ष ने कहा कि सदन में ऐसा कुछ नहीं हुआ था। इस तरीके के मामले सदन में नहीं उठाए जा सकते। इसको लेकर भाजपा के सदस्य नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए। अध्यक्ष ने भाजपा विधायकों को कार्यवाही करने की चेतावनी दी है। इसके बाद हंगामा बढ़ता देख भाजपा विधायकों की नारेबाजी के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 2:00 बजे तक स्थगित की।
ये भी पढ़ें: निधि डोगरा प्राचीनतम *योग* संस्कृति की ब्रांड एंबेसडर : नरेन्द्र अत्री
वहीं, इससे पहले सदन में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर थुनाग में बागवानी कॉलेज का निर्माण नहीं करने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार कॉलेज का निर्माण जानबूझकर नहीं कर रही है। इसे कहीं शिफ्ट या बंद करने की तैयारी है। जवाब में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि कंसल्टेंट ने चयनित जगह पर कॉलेज निर्माण के लिए मंजूरी नहीं दी है। जगत सिंह नेगी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र में कई हेलीपैड और रेस्ट हाउस बनाए हैं। सरकार विचार कर रही है कि इन जगहों पर कॉलेज को शिफ्ट किया जा सकता है। इस पर भाजपा विधायक विरोध जताते हुए सदन से बाहर चले गए।