
Himachal : कई भागों में सात दिन बारिश जारी रहने के आसार
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज राज्य के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शिमला में भी मौसम खराब बना हुआ है।
उधर, कालका-शिमला एनएच पर चक्कीमोड सहित अन्य स्थानों पर मलबा और पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। चक्कीमोड़ में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाईवे हेवना के समीप भूस्खलन से 24 घंटे और निगुलसरी के पास शिमला-किन्नौर नेशनल हाईवे 23 घंटे बंद रहा।
ये भी पढ़ें : Himachal : डेढ़ साल में 138 मर्डर, बलात्कार के 498 मामले दर्ज
वहीं, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार जगह-जगह भूस्खलन से प्रदेश में बुधवार सुबह 10:00 बजे तक दो नेशनल हाईवे सहित 118 सड़कों पर आवाजाही ठप रही। तीन पुल भी क्षतिग्रस्त हैं। इसके अतिरिक्त 228 बिजली ट्रांसफार्मर व 11 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा बिजली, पानी व सड़क सेवाएं शिमला, मंडी, सिरमौर व कांगड़ा जिले में प्रभावित हैं।
राजधानी शिमला में भारी बारिश के कारण सर्कुलर मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन का खतरा है। लिफ्ट से आगे हाईकोर्ट के पास पहाड़ी से बारिश के दौरान लगातार भूस्खलन हो रहा है। इस वजह से यहां आए दिन वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इसके अलावा टॉलैंड, वन विभाग मुख्यालय, टॉलैंड और नव बहार के समीप हिमफेड पेट्रोल पंप के समीप भी पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। इसके अलावा नेशनल हाईवे की बात करें तो विकासनगर के समीप दो जगह पहाड़ी से लगातार भूस्खलन होने के कारण लोग जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं।