
खाटू श्याम के लिए अगले महीने से चलेगी बस, हफ्ते में मिलेगी एक दिन सुविधा
पोल खोल न्यूज़ | ऊना
प्रसिद्ध खाटू श्याम धाम को जाने वाली हिमाचल प्रदेश की एकमात्र एचआरटीसी बस सुविधा को नवंबर महीने में शुरू किया जाएगा। गर्मियों के दौरान इस बस रूट को सवारियों की कम संख्या के चलते बंद कर दिया गया था। सर्दियों के मौसम में इस रूट को बहाल किया जाएगा। फिलहाल इस बस का संचालन सप्ताह में एक बार होगा। अगर सवारियों की संख्या अधिक रहती है तो बस को सप्ताह में तीन दिन चलाने की योजना भी है। मां चिंतपूर्णी से श्री खाटू श्याम की बस सुविधा का नवंबर से संचालन शुरू हो जाएगा। इस बस सुविधा को पहले भी खाटू श्याम के लिए चलाया जाता था, लेकिन गर्मियों में सवारियों की कमी को देखते हुए इस बस का संचालन बंद कर दिया गया।
ये भी पढ़ें :Kullu : 10 दिनों से लापता मनीष का संदिग्ध हालत में मिला शव
बता दें कि शाम 4:00 बजे बस चिंतपूर्णी बस स्टैंड से खाटू श्याम के लिए रवाना होगी। इसके बाद भरवाईं, मुबारिकपुर, अंब, ऊना, हरोली, टाहलीवाल होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ के बाद अंबाला, पेहवा, कैथल, हिसार होते हुए सीकर खाटू श्याम पहुंचेगी। यह बस अपने गंतव्य से 1,506 किलोमीटर लंबा सफर तय करेगी। यह बस शाम चार बजे चिंतपूर्णी से चलकर अगले दिन सुबह 8.20 बजे श्री खाटू श्याम पहुंचेगी।
यह बस सुविधा वापसी में शाम पांच बजे खाटू श्याम से चलेगी और अगले दिन सुबह आठ बजे के करीब ऊना पहुंचेगी। चिंतपूर्णी से इस बस का किराया 840 रुपये प्रति सवारी है। इस बस सुविधा के माध्यम से बहुत से लोग पिंड दान के लिए हरियाणा के पेहवा भी जाते हैं। ऐसे में लोगों को इस बस सुविधा का लाभ मिलेगा। नवंबर में श्री खाटू श्याम जन्मदिवस पर विशेष कार्यक्रम भी होता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को इस कार्यक्रम के लिए इस बस सुविधा का लाभ मिलेगा।
ये भी पढ़ें :Karwa Chauth 2024: कब है करवा चौथ ? जानें पूजा का शुभ मुहूर्त, चांद निकलने का समय
वहीं, एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि चिंतपूर्णी से खाटू श्याम के लिए चलने वाली बस को गर्मियों में सवारियों की कमी चलते बंद किया गया था। नवंबर से इस बस का संचालन दोबारा होगा। शुरुआत में इसे सप्ताह के एक दिन ही चलाया जाएगा, अगर सवारियां अधिक मिलती हैं तो संचालन के दिनों को बढ़ाया भी जा सकता है।