
हिमाचल में बारिश-बर्फबारी की संभावना, कोहरे को लेकर येलो अलर्ट
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के कारण सर्दी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में सुबह शाम भारी ठंड देखने को मिल रही है। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय इलाकों में तापमान शून्य से 9 डिग्री नीचे तक गिर चुका है। ठंड बढ़ने से लोग सर्दी, खांसी, जुकाम जैसी बीमारियों की चपेट में भी आ रहे हैं।
वहीं, बारिश न होने से किसान-बागवान परेशान हैं। आने वाले दिनों तक मौसम में कुछ खासा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं हुआ। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा और कुछ स्थानों पर यह सामान्य से लगभग 1-2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं,बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोइ बड़ा परिवर्तन देखने को नहीं मिला। अधिकतम स्थानों पर तापमान सामान्य के करीब रहा और कुछ स्थानों पर यह सामान्य से लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
ये भी पढ़ें :अटल टनल में पलटी सैलानियों की गाड़ी, 3 सैलानी घायल
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में तापमान अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होने का अनुमान है। इसके अलावा मौसम में कोई परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। वहीं, मौसम विभाग ने 21 नवंबर तक रात और सुबह के समय भाखड़ा बांध के नजदीकी क्षेत्रो, बल्ह, सुंदरनगर, ऊना, हमीरपुर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 24 नवंबर के दौरान तक लाहौल स्पीति, चंबा और कांगडा में उंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 23 और 24 नवंबर को कांगडा और कुल्लू के उंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, अगले 7 दिनों के दौरान राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।