
Himachal : रात 12 बजे तक चलेगा नए साल का जश्न, देर रात तक खुले रहेंगे बाजार
पोल खोल न्यूज़ | कुल्लू/शिमला
नए साल के जश्न के लिए हिमाचल प्रदेश में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को भी शिमला, मनाली, डलहौजी सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर सैलानियों का तांता लगा रहा। वहीं, शिमला के रिज मैदान और मनाली के मालरोड पर रात 12 बजे तक खूब रौनक रहेगी।
हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर होटलों में ऑक्यूपेंसी 90 फीसदी तक पहुंच गई है। नए साल पर सभी होटल पैक होने की उम्मीद है। नए साल के जश्न के चलते बाजार भी रात 12 बजे तक खुले रहेंगे। मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों को भी सैलानियों के साथ सख्ती न बरतने के निर्देश दिए हैं ताजा बर्फबारी के बाद नए साल का स्वागत करने के लिए हिमाचल आने वाले सैलानियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। शिमला से सैलानी बर्फ में अठखेलियों का लुत्फ उठाने के लिए कुफरी नारकंडा का रुख कर रहे हैं। मनाली में भी बर्फ सैलानियों को खासा आकर्षित कर रही है।
ये भी पढ़ें :हमीरपुर – आवाहदेवी नेशनल हाइवे पर कहीं कीचड़ तो कहीं बने पानी के तालाब
उधर, 31 दिसंबर को नववर्ष की पूर्व संध्या पर मनाली में धमाल मचेगा। नववर्ष मनाने के लिए मनाली में पर्यटकों के पहुंचने का क्रम जारी है। कई बड़े होटल पैक चल रहे हैं। बर्फबारी होने से पिछले साल की अपेक्षा इस साल पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है। आंकड़ों के मुताबिक 28 दिसंबर को 2160, 27 को 2338, 26 को 2194 और 25 दिसंबर को 2256 बाहरी राज्यों के पर्यटक वाहन मनाली आए। इसके अलावा 120 से अधिक वोल्वो बसें भी रोज मनाली आ रही हैं। होटलियर एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया कि मनाली में वर्तमान में 90 फीसदी तक आक्यूपेंसी चल रही है। 30 और 31 दिसंबर को मनाली पैक होने की संभावना प्रबल है। हिमाचल टूर एंड ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन पॉल ने बताया कि नए साल का जश्न मनाने के लिए सैलानी पर्यटन स्थलों पर उमड़ रहे हैं।
पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी से पर्यटन स्थलों में रौनक बढ़ गई है। दोपहर को पर्यटकों ने सोलंगनाला, हिडिंबा मंदिर में बर्फ के बीच खूब अठखेलियां की। वशिष्ठ, नग्गर कैसल में भी खूब रौनक देखने को मिली। शाम होते ही मनाली के मालरोड पर पर्यटकों का हुजूम उमड़ा। पर्यटकों ने मालरोड़ में घूमने के साथ शॉपिंग की और लजीज पकवानों का स्वाद चखा। नववर्ष की पूर्व संध्या पर 31 दिसंबर को मनाली के होटलों में खूब धमाल मचेगा। डीजे की धुन पर पर्यटक खूब थिरकेंगे। पर्यटकों के लिए लेमन डांस, पेपर डांस, कपल डांस जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा।