
Pahalgam Attack: आतंकी हमले के विरोध में दूसरे दिन भी बंद रहे कई बाजार
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोषों की हत्या के विरोध में आज शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में दूसरे दिन भी सुबह 11:00 बजे तक कई बाजार बंद रहे। वहीं, जिला सोलन के कारोबारियों ने सुबह 11:00 बजे तक बाजार बंद रखा। इस दौरान होटल, ढाबे, दूध, ब्रेड समेत कई दुकानें भी बंद रहीं। इससे पहले गुरुवार को जिलेभर में प्रदर्शन हुए। बद्दी में देरशाम कारोबारियों ने मशाल जुलूस निकाला। अर्की बाजार बंद रहा था। वहीं सोलन और नालागढ़ में कारोबारियों व हिंदू संगठनों ने पाकिस्तान का पुतला फूंका था।
बाजार कमेटी थुरल, पूर्व सैनिक कल्याण समिति व स्थानीय हिंदू संगठनों ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम हिल स्टेशन में हिंदुओं पर हुए आतंकवादी हमले के विरोध में शुक्रवार को पूरा बाजार 11:00 बजे तक बंद रखा। थुरल के दुकानदारों, हिंदू संगठनों, पूर्व सैनिक कल्याण समिति और विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों सहित थुरल बाजार में विशाल प्रदर्शन में हजारों लोग शामिल हुए।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के सम्मान में और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रदेश कांग्रेस शुक्रवार को शिमला में कैंडल मार्च निकालेगी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल शिमला पहुंची हैं। कैंडल मार्च में सह प्रभारी चेतन चौहान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, विधायक, शिमला नगर निगम के महापौर, उपमहापौर सहित सभी पार्षद, अग्रणी संगठनों के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। कैंडल मार्च शाम 6:30 बजे शेरे पंजाब से शुरू होकर रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सम्पन्न होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए इस कैंडल मार्च में शामिल होने का आग्रह किया है।
ये भी पढ़ें: डीजीपी का कार्यकाल तय हो, अफसरों की नियुक्ति-पदोन्नति बोर्ड करे : हाईकोर्ट
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में कुल्लू जिल्रे के भुंतर में प्रदर्शन किया गया। लोगों ने पाकिस्तान कए पुतले जलाते हुए खूब रोष प्रकट किया और केंद्र सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की। भुंतर में शुक्रवार को पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे गूंजते रहे और सुबह से भुंतर बाजार भी बंद रहा। व्यापार मंडल भुंतर के प्रधान पंकज सेठी ने बताया कि शुक्रवार को भुंतर शहर में 11:00 बजे तक सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे और इस दौरान इस आतंकी हमले के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवा परिसंघ ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है तथा हमले में मारे गए निर्दोष लोगों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। परिसंघ ने हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की आत्मा की शांति के लिए सचिवालय परिसर में 2 मिनट का मौन रखा और श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं, ज्वालामुखी में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में भाजपा ने शुक्रवार को ज्वालामुखी में रोष प्रदर्शन किया। यह रैली भाजपा कार्यालय भाटी बोहन से आरंभ होकर मुख्य बस स्टैंड तक निकाली गई, जिसका नेतृत्व पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, भाजपा देहरा संगठनात्मक जिला अध्यक्ष अजय खट्टा, भाजपा ज्वालामुखी मंडल अध्यक्ष सरोज कुमारी, भाजपा खुंडिया मंडल अध्यक्ष संजय राणा, राम स्वरूप शास्त्री, विजय मेहता सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया। रैली में शामिल लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मंदिर मार्ग पर पाकिस्तान का पुतला जलाया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने इस मौके पर कहा कि यह नृशंस हमला निंदनीय है। आतंकियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। इस दौरान हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।