
आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण के लिए केंद्र ने प्रदेश को मंजूर किए इतने करोड़
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2023 में बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने जैसी आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण के लिए 2,006.40 करोड़ रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति ने यह राशि मंजूर की है। गृहमंत्री कार्यालय की ओर से अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर इसकी जानकारी दी गई है। गृहमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आपदाओं के समय राज्यों के साथ बिना किसी भेदभाव के मजबूती से खड़ी है।
इसी दिशा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति ने हिमाचल को वर्ष 2023 के बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने जैसी आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण के लिए 2006.40 करोड़ की सहायता राशि स्वीकृत की। इसमें 1504.80 करोड़ रुपये एनडीआरएफ के तहत रिकवरी और पुनर्निर्माण फंडिंग विंडो से केंद्र का हिस्सा होगा। गृह मंत्रालय ने इस आपदा से राहत व पुनर्वास के लिए दिसंबर 2023 में भी हिमाचल प्रदेश को 633.73 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी थी।
ये भी पढ़ें: दो हजार में होगी मनाली से लेह की सैर, इस दिन से शुरू होगी डीलक्स टेंपो ट्रेवलर सेवा
वित्त वर्ष 2024-25 में मोदी सरकार की ओर से राज्यों को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के अंतर्गत 25,425.16 करोड़ की राशि प्रदान करना आपदा प्रबंधन के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता का प्रतीक है। बता दें, हिमाचल प्रदेश सरकार ने 2023 में आई आपदा से हुए नुकसान की भरपाई से केंद्र सरकार ने 9 हजार करोड़ रुपये की पोस्ट डिजास्टर नीड एसेसमेंट राशि मांगी है, हालांकि, अभी 2 हजार करोड़ ही केंद्र से मिल पाए हैं।
मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार प्राकृतिक और अन्य आपदाओं के दौरान राज्य सरकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। प्रधानमंत्री मोदी के आपदा प्रतिरोधी भारत के दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में गृह मंत्रालय ने देश में आपदाओं के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए कई पहल की हैं। भारत में आपदा जोखिम न्यूनीकरण प्रणाली को मजबूत करके आपदाओं के दौरान जानमाल के किसी भी बड़े नुकसान को रोकने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
ये भी पढ़ें : “मुझे स्कर्ट नहीं पहननी, पैंट ले दो,” कुनिहार में स्कूल शिक्षक की दरिंदगी से डरी छात्राओं का छलका दर्द..
केंद्र सरकार ने शहरी बाढ़ (3075.65 करोड़), भूस्खलन (1000 करोड़), जंगल की आग (818.92 करोड़), बिजली गिरने (186.78 करोड़) और सूखे (2022.16 करोड़) के अलावा कई खतरों के जोखिम को कम करने के लिए 7253.51 करोड़ रुपये के समग्र वित्तीय परिव्यय के साथ कई शमन परियोजनाओं को मंजूरी दी थी। यह अतिरिक्त सहायता केंद्र की ओर से राज्यों को एसडीआरएफ में जारी की गई धनराशि के अतिरिक्त है, जो पहले से ही राज्यों के पास है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान केंद्र सरकार ने एसडीआरएफ के तहत 28 राज्यों को 20,264.40 करोड़ रुपये और एनडीआरएफ के तहत 19 राज्यों को 5,160.76 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष (एडीआरएफ) से 19 राज्यों को 4984.25 करोड़ रुपये और एनडीआरएफ से आठ राज्यों को 719.72 करोड़ रुपये भी जारी किए गए हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2023 में बाढ़, भूस्खलन, बादल फटने की प्राकृतिक आपदाओं के चलते राहत राशि के रूप में 2006.40 करोड़ रुपये की पुनर्प्राप्ति और पुनर्निर्माण योजना को मंजूरी प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में संकट से निपटने तथा आपदा पीड़ितों को राहत प्रदान करने में मोदी सरकार द्वारा आर्थिक सहायता आपदा पीड़ित नागरिकों को महत्वपूर्ण संबल है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार प्राकृतिक और अन्य आपदाओं के दौरान राज्य सरकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सतपाल सती, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया है।