
Himachal : चंबा में हाईवे धंसा, चलती बस पर पहाड़ी से गिरे पत्थर
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में भूस्खलन व पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। सैकड़ों सड़कें बाधित हैं। कई इलाकों में बिजली व पेयजल आपूर्ति ठप है। प्रदेश में मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक तीन नेशनल हाईवे सहित 398 सड़कें बंद रहीं। इसके अतिरिक्त 669 बिजली ट्रांसफार्मर व 529 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 213 सड़कें बंद हैं। कुल्लू में 84 सड़कें व 367 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित हैं। चंबा में चलती बस पर पहाड़ी से पत्थर गिर गए। इससे दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
वहीं, बताया जा रहा है कि 40 के करीब सवारियां लेकर निजी बस चांजू से भंजराड़ू के लिए निकली थी। चांजू से तीन किमी सफर तय करने के बाद बस चूरसेऊ के समीप पहुंची। इस दौरान अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थर बस की छत को तोड़कर अंदर आ गिरे। इससे दो यात्री घायल हो गए। बस में पत्थर गिरने सवारियों में चीख-पुकार मच गई। चालक-परिचालक ने बस को सड़क के किनारे रोक कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को निजी वाहन के जरिये पीएचसी बघेईगढ़ ले जाया गया। जहां पर उन्हें प्राथमिक उपचार देखकर छुट्टी कर दे दी गई।
ये भी पढ़ें:टौणी देवी–ऊहल रोड फिर भूस्खलन से हुआ बंद, ऊपर लटका पेड़ बना खतरा
राजधानी शिमला में देर रात से जारी भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। शहर के विकास नगर में पेड़ गिरने से एक भवन की छत टूट गई और सड़क भी बंद हो गई है। इसके अलावा टुटीकंडी में भी एक साथ आधा दर्जन से ज्यादा पेड़ गिरने से कई गाड़ियां चकनाचूर हो गईं। यहां सड़क भी बंद है। खालीनी में ढारा ढहने से 6 मजदूर बाल-बाल बच गए। तड़के सुबह करीब 4:00 बजे यह घटना हुई। शहर के विकासनगर की हिमुडा काॅलोनी में भी कार पर भूस्खलन हुआ है। साथ ही पेड़ भी ढह गया।
वहीं, चंबा-पठानकोट हाईवे दुनेरा के समीप धंसने से वाहनों की आवाजाही बंद पड़ गई है। इससे दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं। वहीं पवित्र मणिमहेश यात्रा पर पठानकोट से चंबा की ओर आ रहे श्रद्धालुओं की मुसीबतें बढ़ गई हैं। सड़क धंसने के दौरान एक टिपर वहां से गुजर रहा था। चालक ने ऐन मौके पर सड़क किनारे टिपर लगा दिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। सड़क बंद होने पर लोग पैदल आवाजाही करते नजर आए। जिला में मूसलाधार बारिश से 24 सड़कें, 35 ट्रांसफार्मर और 18 पेयजल स्कीमें प्रभावित हुई हैं।
ये भी पढ़ें: शिमला में भारी बारिश जारी, कई जगह गिरे पेड़, कई गाड़ियां चकनाचूर
मंडी-कुल्लू मार्ग पर जोगणी मोड़ के पास सोमवार रात लगभग 9:00 बजे पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। रात को पत्थर गिरने की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी के प्रभारी अनील कटोच और उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने हालात का जायजा लेते हुए दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही को रोक दिया ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। इसके कुछ ही मिनटों बाद पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर गिर गए। पुलिस कर्मियों ने अपनी जान हथेली पर रखकर रातभर स्थिति पर निगरानी रखी और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोके रखा। सुबह करीब 5:00 बजे पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी अपनी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 7:00 बजे हाईवे को बहाल किया गया। पंडोह चौकी प्रभारी अनील कटोच ने बताया कि फिलहाल मार्ग सुचारू है, लेकिन कई स्थानों पर सड़क वनवे है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें, अपनी लेन में चलें और ओवरटेक करने से बचें।
इतने दिन बरसेंगे बादल, तीन दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 18 अगस्त तक बारिश का दाैर जारी रहेगा। 12 से 14 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 15 से 18 अगस्त के लिए येलो अलर्ट है। भारी बारिश के कारण ग्राम पंचायत टकोली के निवासी अजय कुमार पुत्र जगदीश चंद्र के मकान की दीवार रात को गिर गई। गनीमत यह रही कि दीवार बाहर की तरफ गिरी, अन्यथा जानमाल का नुकसान हो सकता था।