चबूतरा में किया पी.एच.सी. भवन का भूमि पूजन, चमियाणा में सुनीं जन समस्याएं
रजनीश शर्मा। हमीरपुर/ सुजानपुर
मंगलवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र राणा ने ग्राम पंचायत चबूतरा में 3 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का भूमि पूजन किया व निर्माण कार्य शुरू करवाया। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत चमियाणा में विभिन्न विभागों से संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ जन समस्याओं को सुना तथा अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए 4 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही, चमियाणा गांव के लिए मुख्य सडक़ से संपर्क सडक़ का विस्तारीकरण करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस संपर्क सडक़ की स्थिति को सुधारा जाए, ताकि चमियाणा को जल्द ही बस सुविधा से जोड़ा जाए। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही सुजानपुर के विकास कार्यों में तेजी आई है। पूर्व सरकार में क्षेत्र के विकास में ग्रहण लग गया था, लेकिन अब एक वर्ष से नई विकास योजनाएं भी बन रही हैं तथा पुराने कार्य भी पूरे हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता की उम्मीदों व अपेक्षाओं के अनुरुप हरेक क्षेत्र में कार्य कर रही है। सरकार का एक ही ध्येय है कि कोई भी क्षेत्र विकास की दृष्टि से पिछड़े नहीं। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जनता से भी आह्वान किया कि क्षेत्र के विकास के लिए आगे आएं।
