
दीक्षा ठाकुर | पोल खोल न्यूज़
शिमला
हिमाचल प्रदेश देश में फलों विशेषकर सेब के लिए प्रसिद्ध है। राज्य की आर्थिकी में सेब की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश सरकार सेब व्यापार से जुड़े सभी हितधारकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने इसकी जानकारी शुक्रवार को शिमला में सेब उत्पादन एवं विपणन से जुड़े हितधारकों के हितों की रक्षा के लिए गठित एसआईटी, एचपीएमसी, एपीएमसी तथा हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार सेब व्यापार में लिप्त धोखाधड़ी करने वालों के बारे प्रदेश के लोगों को जागरूक करेगी। सेब व्यापार में धोखाधड़ी करने वालों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे। राज्य में कृषि उत्पाद विपणन समिति अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा, ताकि धोखा करने वाले लोगों को पकड़ा जा सके।
ये भी पढ़ें: टौणी देवी व्यापार मंडल के सदस्य राज कुमार के देहांत पर जताया शोक
बागबानी मंत्री ने अधिकारियों को फल मंडियों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए ताकि ऐसे मामलों को समाप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी नियमों का पालन सख्ती से किया जाए ताकि हितधारकों को कोई परेशानी न आए। एसआईटी, एचपीएमसी, एपीएमसी तथा हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड को मिलजुल कर कार्य करने के निर्देश दिए।