
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में 22 दिसंबर से मौसम में बदलाव के आसार देखे जा रहे हैं। जिसके चलते मौसम विभाग शिमला ने हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हालांकि आज लगभग सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा।
मौसम विभाग शिमला के मुताबिक 22 और 23 दिसंबर को मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। जबकि मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 26 दिसंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी 24 दिसंबर से मौसम साफ रहने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में जल्द लांच होने वाला है स्मार्ट मीटर प्रोजेक्ट, 3700 करोड़ होंगे खर्च
प्रदेश में काफी दिनों से मौसम साफ चल रहा है, लेकिन कई क्षेत्र में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है और सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालाँकि धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि प्रदेश में बीते 10 दिनों से मौसम बिल्कुल साफ बना हुआ है। दिसंबर महीने में क्रिसमस पर जहां शिमला, मनाली सहित कई क्षेत्र में बर्फबारी की उम्मीद रहती है। वहीं, इस बार क्रिसमस पर मौसम साफ रहेगा और लोगों को बर्फबारी का इंतजार करना पड़ेगा।