
पोल खोल न्यूज़ डेस्क
भोटा
कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर बोले अनुराग ठाकुर, विकसित भारत संकल्प यात्रा का मकसद देश को विकसित बनाना
कांग्रेस द्वारा शुरू की जा रही न्याय यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्याय के अभिप्राय हैं। उन्होंने देश की जनता के साथ न्याय किया है। भ्रष्टाचारियों से मुक्ति दिलाने के लिए भ्रष्टाचार मुक्त शासन देकर देश की जनता के साथ न्याय प्रधानमंत्री ने किया है। पिछले पांच वर्षों में साढ़े 13 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर लाकर उनके साथ न्याय किया गया है। केंद्र की हर योजना देश के लोगों के लिए बनी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जो लोग टुकड़े-टुकड़े गैंग को अपनी पार्टी में शामिल करते हैं, देश को जातिवाद के नाम पर बांटने का प्रयास करते हैं, चुनाव हारने के बाद क्षेत्रवाद को हवा देते हैं, वे न्याय क्या दिलाएंगे। जो लोग अपने ही देश के खिलाफ काम करने वाली ताकतों का साथ देते हैं वह न्याय क्या दिलाएंगे। जो 60 साल तक सत्ता में बैठकर कश्मीर में पलायन को मजबूर हुए पंडित परिवारों को न्याय नहीं दिला पाए, वे औरों को क्या न्याय दिलाएंगे। यह न्याय दिलाने वाले नहीं, बल्कि केवल दिखावा करने वाले हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा के ऊपर पूछ के प्रश्न के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है। अगले 25 वर्षों में हमने अपने देश को विकसित भारत बनाना है।