
पोल खोल न्यूज़ | कांगड़ा
मनरेगा में अब घोटाला नहीं हो पाएगा। इसके चलते हिमाचल प्रदेश में मनरेगा के कार्यों में और अधिक पारदर्शिता लाने की तैयारी चल रही है। मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों की हाजिरी अब फेस रीडिंग से लगेगी। अभी प्रदेश में मनरेगा मजदूरों की हाजिरी ऑनलाइन मस्टररोल पर लगाकर ऑनलाइन माध्यम से ही एक मस्टररोल में अंकित मजदूरों को ग्रुप में इकट्ठा कर उनकी फोटो को खींच कर अपलोड की जाती है।
लेकिन अब प्रदेश भर में मनरेगा कार्यों में श्रमिकों की हाजिरी मोबाइल पर ऑनलाइन फेस रीडिंग के माध्यम से लगाने की योजना बनाई जा रही है। प्रदेश में मनरेगा कार्यों में लगातार हाजिरी के नाम पर फर्जीवाड़े कर घर बैठे लोगों को श्रमिक दिखाकर फर्जीवाड़े की शिकायतें मिल रही हैं। इसके अलावा कई श्रमिक मनरेगा मस्टररोल में पंजीकृत होने के बावजूद कार्य स्थल पर नहीं पहुंच रहे। इन्हीं अव्यवस्थाओं को देखते हुए फेस रीडिंग कर हाजिरी की नई व्यवस्था की योजना बनाई जा रही है।
ये भी पढ़ें: चार वर्षों में होगी 1932 बसों की खरीद, 327 इलेक्ट्रिक बसें होंगी
जानकारी के लिए बता दें कि मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम नाम से बनाए विशेष एप में हाजिरी लगाने की व्यवस्था बनाई जा रही है। इस दौरान जो मजदूर काम पर आएगा, उसका चेहरा स्कैन किया जाएगा। इसके बाद ही उसका मेहनताना जारी होगा। यह एप फर्जी हाजिरियां रोकने के लिए बनाया जा रहा है। भविष्य में यदि मजदूरों के चेहरे में कोई बड़ा बदलाव आता है तो उसको भी बाद में अपडेट किया जाएगा।