पोल खोल न्यूज़ डेस्क | धर्मपुर (मंडी)
हिमाचल प्रदेश का 54वां पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह मंडी जिले के धर्मपुर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तिरंगा फहराकर भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए।इस दौरान सीएम ने कहा कि हिमाचल के गठन व उसे आगे बढ़ाने में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी व पूर्व मुख्यमंत्री डा. वाईएस परमार का अहम योगदान रहा है। मानसून में देवभूमि में इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी आई थी।
आपदा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी व सीपीएस संजय अवस्थी ने सराहनीय कार्य किया। दोनों बधाई के पात्र हैं। सरकार ने इससे निपटने के लिए कारगर कदम उठाए। 4500 करोड़ का राहत पैकेज दिया। सरकार गांव के द्वार कार्यकम शुरु किया है। इससे पीढ़ी दर पीढ़ी लंबित राजस्व मामले निपटाने में मदद मिल रही है। 65000 इंतकाल के मामले निपटाए हैं। अनाथ बच्चों को सहारा देने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बना है। कानूनी रूप से बच्चों को अपनाया जा रहा है। पहली कैबिनेट बैठक में ओपीएस लागू किया गया। सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने में मदद दी जा रही है। इससे स्वरोजगार के साधन मिलेंगे।
21000 से अधिक पदों पर भर्ती की जा रही है। प्रदेश के मेडिकल कालेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरु करने के लिए 100 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। दो वर्ष में हिमाचल को ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। अब सभी विभागों में इलेक्ट्रिकल वाहन खरीद जाएंगे। सरकारी स्कूलों से पहली कक्षा से अंग्रेजी विषय की पढ़ाई जाएगी। फरवरी में 15 चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे। ग्रीन कोरिडोर बनाए जा रहे हैं। बेटियों को अब संपत्तियों में बेटों के बराबर हक मिलेगा। बेटियों की शादी की आयु अब 21 वर्ष की जा रही है। नई राजस्व नीति से 696 करोड़ अधिक राजस्व प्राप्त हुआ। इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, डीजीपी संजय कुंडू, धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र को कई बड़ी सौगातें तो दी है, लेकिन डीए का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को निराश कर दिया। प्रदेश के कर्मचारियों को आस थी कि सीएम धर्मपुर से बकाया डीए और एरियर की किस्त का ऐलान करेंगे।
ये भी पढ़ें : आज का इतिहास : हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य किया गया घोषित
बता दें कि इस बारे में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पहले भी कहा था कि कर्मचारियों के बकाया डीए को लेकर वे कुछ ना कुछ प्रयास करेंगे। वहीं, पेंशनर्स को उम्मीद थी कि सीएम उनका लंबित महंगाई भत्ता भी जारी करेंगे, लेकिन इन दोनों वर्गों को पूर्ण राज्यत्व दिवस पर निराश होना पड़ा है। वहीं, सीएम अपने संबोधन में प्रदेश के लिए कोई बड़ी घोषणा भी नहीं कर पाए।
धर्मपुर को दी ये सौगात
सीएम ने धर्मपुर की लंबे समय की मांग पर यहां पर डीएसपी ऑफिस दिया है। संधोल व धर्मपुर को नगर पंचायत बनाने की भी घोषणा की है। इसके अलावा संधोल और धर्मपुर में मिनी सचिवालय के लिए डेढ़-डेढ़ करोड़ की राशि दी है। सीएम ने नागरिक अस्पतालों धर्मपुर और टीहरा को भी 50 -50 लाख रुपए देने की घोषणा की है। सरकाघाट कॉलेज में सीएम ने एक एमएससी जूलॉजी बनाने की घोषणा की गई है। इसके अलावा बाबा कमलाहिया मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए तीन करोड़ देने की घोषणा, धर्मपुर क्षेत्र के लिए करोड़ो की घोषणाएं की हैं।