
पोल खोल न्यूज़ | लाहौल स्पीति
मौसम साफ होने के साथ ही हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के क्षेत्र लाहौल घाटी में दो दिन से प्रचंड ठंड पड़ रही है। वहीं, सिस्सू में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 27 डिग्री सेल्सियस रहा। जिला मुख्यालय केलांग में -23 और उदयपुर -20 डिग्री दर्ज किया गया। इस कड़कती ठण्ड के चलते लोगों के घरों में तेल, दूध और पानी बर्तनों में जम गया। तेल और घी को तंदूर के पास रखकर पिघलाना पड़ रहा है। इधर, पानी और दूध जम जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। घरों के साथ होटल और ढाबों में जग, केतलियों और अन्य बर्तनों में रखा पानी भी जम जा रहा है। रात की प्रचंड ठंड के चलते सुबह के समय वाहन स्टार्ट नहीं हो पा रहे हैं। हालांकि पिछले दिन घाटी में मौसम अनुकूल रहने से दिनभर धूप खिली रही। लेकिन लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल कैबिनेट की बैठक आज, इन मुद्दों पर होगा फैसला
घाटी के लोगों ने बताया कि इस बार नवंबर से दो दिन पहले तक इतनी सर्दी नहीं पड़ी है। जो यहां पिछले दो दिन से पड़ रही है। जाहलमा में ढाबा संचालक ने बताया कि मंगलवार तक उनके ढाबे के अंदर जग और बर्तनों में हल्का पानी जम रहा था। बुधवार रात से पानी भी ठोस परत के रूप में जम गया है। गाहर घाटी की महिला सोनम आंगमो ने बताया कि उनके घर में बर्तन में रखा दूध भी पहली बार जमते हुए देखा है। राशेल गांव के सुरेश कुमार ने बताया कि इस सर्दी में वीरवार सुबह तेल पैकेट के अंदर ही जम गया। सिस्सू में तैनात सीमा सड़क संगठन (94) के जेई शुभम सिंह ने बताया कि बुधवार रात्रि सिस्सू का तापमान- 27 डिग्री सेल्सियस रहा। लाहौल- स्पीति के पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने घाटी के वाहन चालकों से ध्यान से वाहन चलाने की अपील की है।