
कंगना रनौत के पिता ने कांग्रेस पर किया पलटवार, कहा- संकीर्ण मानसिकता और बौखलाहट का नतीजा
पोल खोल न्यूज़ | ऊना
अभिनेत्री एवं मंडी संसदीय सीट से भाजपा की प्रत्याशी कंगना रनौत के पिता अमरदीप सिंह रनौत ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के प्रति कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता और उनकी बौखलाहट को दर्शाती है। अमरदीप सिंह रनौत ने कहा कि हिंदू धर्म में नारी की पूजा की जाती है और उसी नारीशक्ति के बल पर आज विश्व आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस ने उसी नारीशक्ति के खिलाफ अपनी छोटी सोच का परिचय दिया है। कांग्रेस का यह बयान किसी भी लिहाज से सहन करने योग्य नहीं है।
ये भी पढ़ें : लाखों के मोबाइल चोरी करने के मामले में नेपाल बार्डर से 4 आरोपी गिरफ्तार
कंगना के पिता अमरदीप सिंह रनौत ने कहा कि उनके दादा स्वतंत्रता सेनानी थे। जिसके बाद वे समाजसेवा में आए और उस वक्त सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही होती थी, जिसके तहत वे उस समय सरकाघाट से विधायक रहे, लेकिन कांग्रेस ने हमारे परिवार का साथ नहीं दिया। समय के साथ कांग्रेस ने हमारा साथ छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मुंबई में उनकी बेटी के घर को तोड़ा गया और कांग्रेस ने कोई साथ नहीं दिया। अब उनका परिवार भाजपा में आ गया है और भाजपा के लिए ही काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा परिवार अब भाजपा के साथ है।
वहीं, इस मौके पर अमरदीप सिंह रनौत ने उनकी बेटी कंगना रनौत को मंडी से टिकट देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उनकी बेटी को सौंपी गई है वो उसका निर्वहन पूरी शिद्दत के साथ करेगी।