
102 व 108 कर्मचारी यूनियन (संबंधित सीटू) ने अपनी मांगों को लेकर की हड़ताल
रजनीश शर्मा | हमीरपुर
आज हिमाचल प्रदेश 102 व 108 कर्मचारी यूनियन (संबंधित सीटू) ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल की l कल रात 8 बजे से ही ये कर्मचारी एक दिन की हड़ताल पर हैं। आज सुबह अस्पताल के बाहर ये लोग इकट्ठा हुए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और अस्पताल से लेकर सचिवालय तक रैली निकाली। इस रैली को सीटू के जिला अध्यक्ष प्रताप राणा जिला सचिव जोगिंदर कुमार ने संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि ये कर्मचारी 14 – 14 साल से स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं परंतु आज भी इनको न्यूनतम वेतन नहीं मिलता है। 12 से 18 घंटे प्रतिदिन काम करने के बाद कोई ओवरटाइम नहीं दिया जाता है। समय पर वेतन नहीं मिलता है और ना ही सेलरी स्लिप दी जाती है l कर्मचारियों के ई पी एफ का कोई अता पता नहीं है।
कई बार कर्मचारी अपनी मांगों को कंपनी, विभाग और सरकार के स्तर पर उठा चुके हैं परंतु आश्वासन के अलावा कुछ भी हासिल नहीं हो सका है। जब भी नहीं कंपनी को काम मिलता है तो सबसे पहले कर्मचारियों को बाहर निकालने का ही काम किया जाता है। कर्मचारियों ने अब देश के कानून के दायरे में मिलने वाली सुविधाओं को हासिल करने के लिए आर पार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है और उसी कड़ी में ये एक दिन की हड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें: शिमला में दो बहुमंजिला मकानों के 26 कमरे जलकर राख, 4 परिवार बेघर
आज के प्रदर्शन को यूनियन के अध्यक्ष राजेश कुमार और सचिव अनुपमा ने भी संबोधित किया और देश के कानूनों के अनुसार मिलने बाले न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम, समय पर वेतन अदायगी, ई पी एफ देने की मांग दोहराई। आज समस्त कर्मचारियों ने हड़ताल और प्रदर्शन में भाग लिया, प्रदर्शन में अमित, मनोज,स्माइली, नरेश सहित कई अन्य लोग शामिल हुए और मांगों को पूरा करने तक अपनी लड़ाई लड़ने का संकल्प दोहराया।