
शिमला में दो बहुमंजिला मकानों के 26 कमरे जलकर राख, 4 परिवार बेघर
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
जिला शिमला के उपमंडल चौपाल की ग्राम पंचायत घोरना के केदहारन गांव में आग की बड़ी घटना सामने आई है। यहां रात को 4 परिवारों के दो बहुमंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गए हैं। इसमें करीब 26 कमरे जलकर राख हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात को अचानक मकान में आग लग गई। मकान लकड़ी से बने हुए थे, जिसके कारण आग देखते ही देखते पूरे मकान में फैल गई और दोनों मकान जलकर राख हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक रात को मस्त राम ठाकुर, चेत राम ठाकुर, सही राम ठाकुर, सुरिंदर ठाकुर के मकान में आग लग गई। एक मकान जिसमें 14 कमरे और दूसरे में 12 कमरे थे। ये मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गए, मकान लकड़ी और पत्थर से बने हुए थे। इसमें कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें:चिंतपूर्णी मंदिर से साधु का शव मिलने से सनसनी, शव पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका
बरसात के मौसम आने वाला है और 4 परिवारों के सिर से छत छिन गई है, जिसके कारण परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। इस घटना में लाखों के नुकसान का अनुमान है। राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया है। आग की इस घटना में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहै है। अग्निशमन अधिकारी संजीव ने बताया कि ‘आग लगने से 4 परिवारों के मकान जले हैं। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट आग लगने का कारण माना जा रहा, पुलिस मामले की जांच कर रही है।