
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
कांग्रेस पार्टी झूठ बोलकर सत्ता में आई है। हिमाचल के भोले-भाले लोगों को झूठे सपने दिखाकर, झूठी गारंटियों का वादा कर हिमाचल को ठगा गया। यह कहना है केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का। अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपए प्रति महीने देने का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक एक रुपया नहीं मिला। किसानों से दो रुपए प्रति किलो गोबर और 100 रुपए प्रति किलो दूध खरीदने का वादा किया था, नहीं किया।
ये भी पढ़ें:सरकार को हाई कोर्ट का नोटिस, कांगड़ा में गो अभ्यारण्य बंद करने पर दो सप्ताह में मांगा जवाब
अनुराग ठाकुर ने कहा पिछले कुछ महीनो में हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में बंद हुए क्रशरों के पीछे क्या कारण है? लोगों को पांच गुणा ज्यादा दाम पर रेत-बजरी खरीदने को विवश किया गया। अब अचानक क्रशर कैसे खोल दिए गए? इसका क्या आधार था? इसके पीछे स्पष्ट तौर पर गड़बड़ की बू आती है। अनुराग ने कहा कि हमारा कहना है कि अगर किसी ने भ्रष्टाचार किया है तो बिना राजनीतिक टीका टिप्पणी के उसके ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
चुनाव परिणाम बता देंगे, क्या चाहते हैं लोग
विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में वोटिंग पूरी हो चुकी है। राजस्थान में 25 और तेलंगाना में 30 नवंबर को अंतिम चुनाव होने हैं। तीन दिसंबर को चुनाव परिणाम से यह स्पष्ट हो जाएगा कि लोग भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में डबल इंजन का विकास चाहते हैं।