
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
5 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश आ रहे हैं। प्रदेश भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सोलन और शिमला की जनसभाओं के लिए तैयारी कर ली है। नड्डा के शिमला दौरे के दौरान भाजपा हैट्रिक से हैट्रिक तक का नारा लगाकर लोकसभा चुनाव के लिए शंखनाद करेगी। प्रदेश भाजपा ने सोलन और शिमला में दो जनसभाएं रखी हैं। इनके लिए जिला शिमला के आठ प्रशासनिक मंडलों से कार्यकर्ता पीटरहॉफ शिमला पहुंचेंगे। सोलन की जनसभा के लिए जिला के पांच और सिरमौर के भी पांच प्रशासनिक मंडलों से हजारों कार्यकर्ताओं को लाने का लक्ष्य है।
बता दें कि सिरमौर में पच्छाद, नाहन, पांवटा, रेणुका और शिलाई प्रशासनिक मंडल हैं। जिला सोलन में सोलन, नालागढ़, अर्की, कसौली और दून मंडल आते हैं। यानी यह 10 प्रशासनिक मंडल हैं। सोलन जिले के प्रशासनिक मंडलों से 1200-1200 कार्यकर्ताओं को लाने का लक्ष्य है। बाकी सिरमौर जिला के प्रत्येक प्रशासनिक मंडल से 800-800 कार्यकर्ता लाए जाएंगे। जिला शिमला के शिमला, शिमला ग्रामीण और कसुम्पटी प्रशासनिक मंडलों से 1500-1500 कार्यकर्ता लाने का लक्ष्य है। ठियोग, जुब्बल-कोटखाई, रामपुर, रोहडू़ और चौपाल से 800 से 1200 कार्यकर्ता लाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: ब्यास नदी में समाए चालकों का नहीं लगा कोई सुराग, तलाश जारी
बताते चलें कि पांच जनवरी को शाम के वक्त कोर ग्रुप की बैठक में मंथन होगा। इसमें शांता कुमार और अनुराग ठाकुर के आने की संभावना नहीं है। हालांंकि इसमें पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल शामिल हो सकते हैं। इसमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।