
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम ने अयोध्या के लिए बसें चलाने को लेकर 6 रूटों के लिए आवेदन कर दिया है। यातायात प्रबंधक दिल्ली की फील्ड रिपोर्ट के बाद निगम ने रूट परमिट हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताते चलें कि शिमला, मनाली, धर्मशाला, हमीरपुर, ऊना और नालागढ़ से अयोध्या के लिए बसें चलेंगी। निगम की बसें दिल्ली से यमुना और आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे से होकर अयोध्या पहुंचेंगी। दिल्ली से अयोध्या की 732 किलोमीटर की दूरी बसें 13 घंटे में तय करेंगी। अयोध्या के लिए पहली बस सेवा नालागढ़ से शुरू करने की योजना है।
ये भी पढ़ें: जलमग्न मंदिरों की योजना बताएं नड्डा जी व अनुराग जी : संदीप सांख्यान
वहीं, बस में चालक दिल्ली और अयोध्या में बदलेंगे। यमुना और आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर स्थित ढाबों और रेस्टोरेंट्स पर बस को खानपान के लिए रोका जा सकता है। दिल्ली के आनंद बिहार टर्मिनल से बस सुबह 7:45 से पहले रवाना करने की योजना है, क्योंकि इसके बाद उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसें नियमित अंतराल में अयोध्या के लिए रवाना होती हैं। अयोध्या धाम आईएसबीटी में बसों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है।
ये भी पढ़ें: राम प्रतिष्ठा धर्म का कार्य न हो करके मात्र एक राजनीतिक आयोजन: गोल्डी
वहीं, एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहनचंद ठाकुर ने बताया कि फील्ड रिपोर्ट के आधार पर हिमाचल से अयोध्या के लिए छह रूटों के लिए आवेदन कर दिया गया है। यात्रियों की संख्या के आधार पर बसों के रोजाना या साप्ताहिक संचालन पर फैसला होगा।