
संगठन को साथ लेकर प्रचार में डटे आशीष, उपचुनाव के दृष्टिगत कमेटियों का किया गठन
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर
हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा नामांकन के बाद फील्ड में डट गए हैं। नामांकन रैली में भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन करने के बाद आशीष शर्मा डोर टू डोर प्रचार कर रहे हैं। उपचुनाव के दृष्टिगत भाजपा ने एक दर्जन कमेटियों का गठन किया है।
यह कमेटियां चुनाव प्रचार में बूथ स्तर पर जिम्मा संभालेंगी। डोर टू डोर प्रचार से लेकर यह कमेटियां नुक्कड़ सभाओं के आयोजन का जिम्मा भी संभालेंगी। भाजपा प्रत्याशी के साथ ही संगठन के कार्यकर्ता भी प्रचार में जुट गए हैं। संगठन की मजबूती और, एकजुटता के लक्ष्य के साथ भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा धरातल पर जुटे हैं।
इस कड़ी में उन्होंने क्षेत्र में वीरवार को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा संगठन हर मोर्चे पर चुनावों में अग्रणी रहता है।
ये भी पढ़ें :टयाले दा धट के पास दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन ने कुचल डाली बजुर्ग महिला
बीते विधानसभा चुनाव में जनता ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया तो वहीं भाजपा में शामिल होने के बाद भी आशीर्वाद बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर की जनता ने अपार समर्थन दिया है। भाजपा प्रत्याशी को क्षेत्र की जनता ने दिल खोल कर समर्थन देते हुए 16 हजार से अधिक मतों की लीड दिलाई है। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनका एकमात्र लक्ष्य है। क्षेत्र की जनता के स्वाभिमान के लिए वे चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने अपने एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं। विकास को गति देना तो दूर कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद से पूर्व भाजपा सरकार के समय में शुरू हुए विभिन्न विकास कार्यों पर रोक लगा दी।
पत्नी स्वाति भी महिला शक्ति के साथ सक्रिय
भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा की पत्नी स्वाति जार भी चुनाव प्रचार में मोर्चा संभाले हुए हैं। बीते विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने अहम भूमिका अदा की थी। एक बार फिर वह महिला शक्ति को साथ लेकर पति की जीत सुनिश्चित करने के लिए जुट गई हैं।